कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
अनसॉलिसिटेड प्लांट टॉक्स (Unsolicited Plant Talks) की सह-संस्थापक एप्रिल मॉल ने कभी नहीं सोचा था कि पौधों के प्रति उनका जुनून एक दिन उन्हें बिज़नेस शुरू करने के लिए प्रेरित करेगा। घर में पौधों का कलेक्शन लगातार बढ़ता गया और इसी शौक ने उन्हें एक नया रास्ता दिखाया। आखिरकार, उन्होंने अपने पसंदीदा शौक को बिज़नेस में बदलने का फैसला किया और ऑनलाइन पौधे बेचना शुरू कर दिया।
शॉपिफ़ाई मास्टर्स पॉडकास्ट के एक एपिसोड में वह उस दौर को याद करते हुए कहती हैं, “मुझे एहसास हो गया था कि मैं अब रुकने वाली नहीं हूँ। मुझे इसे किसी न किसी तरह आगे बढ़ाना ही था। इसी सोच के साथ मैंने पौधों की कटिंग से नए पौधे तैयार करना शुरू किए।”
आखिरकार, एप्रिल और उनके पति एवं बिज़नेस पार्टनर डेरिक मॉल ने पौधों का प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए एक ग्रीनहाउस तैयार किया। आज उनकी यह छोटी-सी शुरुआत एक बड़े ऑनलाइन बिज़नेस में बदल चुकी है और यह जोड़ी अपनी वेबसाइट पर 700 से अधिक तरह के पौधे और अन्य आइटम बेचती है।
अपनी तैयार की हुई पौधों की कटिंग बेचना प्लांट बिज़नेस शुरू करने का सिर्फ एक तरीका है। इसके अलावा भी कई विकल्प मौजूद हैं। आगे पढ़ें और जानें कि आप पौधों से जुड़ा अपना बिज़नेस किन-किन तरीकों से शुरू कर सकते हैं और ऑनलाइन पौधे बेचते समय किन जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
प्लांट बिज़नेस के 8 प्रकार
- इनडोर पौधे
- आउटडोर पौधे
- बीज और बल्ब
- टेरैरियम और किट
- पौधों से बने प्रोडक्ट
- प्लांट सब्सक्रिप्शन
- ऑनलाइन वर्कशॉप
- प्लांट सेवाएं
इनडोर पौधे बेचना प्लांट बिज़नेस शुरू करने का सिर्फ एक विकल्प है। आप अलग-अलग तरह के पौधे और उनसे जुड़ी चीज़ें बेच सकते हैं या किसी एक खास श्रेणी पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर रहेगा, यह आपके इलाके की जलवायु, पौधों के रिटेल सप्लायर या उन्हें उगाने की जगह तक आपकी पहुंच और शुरुआती निवेश के लिए उपलब्ध बजट पर निर्भर करेगा।
शुरुआत के लिए कुछ विचार यहां दिए गए हैं:
1. इनडोर पौधे
इनडोर पौधे एक बड़े और विविध कस्टमर वर्ग को आकर्षित करते हैं। इन्हें खरीदने के लिए कस्टमरों के पास बगीचा होना जरूरी नहीं है। यहां तक कि जिन घरों में पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी नहीं आती, वहां भी कस्टमर अपनी जरूरत और उपलब्ध जगह के हिसाब से ऐसे पौधे चुन सकते हैं, जो कम रोशनी में भी अच्छी तरह बढ़ सकें।
आप चाहें तो पौधों की किसी खास श्रेणी में विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं, जैसे सक्युलेंट, कैक्टस या एयर प्लांट। दूसरा विकल्प यह है कि आप उन्हीं पौधों पर फोकस करें, जिन्हें आपके इलाके की जलवायु के अनुसार आसानी से उगाया जा सकता है या जिन्हें स्थानीय रिटेल सप्लायर से नियमित रूप से हासिल किया जा सकता है।
हाउस प्लांट शॉप इनडोर पौधों पर केंद्रित है और उन्हें प्रकार के हिसाब से बांटता है, जैसे रेयर पौधे, ट्रेलिंग पौधे, सूखे पौधे, पालतू-अनुकूल पौधे, आदि। साथ ही आकार और यहां तक कि राशि चिन्ह के आधार पर भी वर्गीकृत करता है।
2. आउटडोर पौधे
आउटडोर पौधों की दुनिया भी काफी व्यापक है। इसमें जड़ी-बूटियों और सब्जियों से लेकर पेड़ और झाड़ियां तक कई तरह के पौधे शामिल होते हैं। अगर आप इस श्रेणी में बिज़नेस शुरू करने का फैसला करते हैं, तो इनडोर पौधों के मुकाबले आपको कई अतिरिक्त बातों पर ध्यान देना होगा, जैसे स्थानीय जलवायु, मौसम और पौधों की देखभाल से जुड़ी जरूरतें।
उदाहरण के लिए, आपको यह तय करना होगा कि बदलता मौसम आपके बिज़नेस को किस तरह प्रभावित करेगा। क्या आपका बिज़नेस सिर्फ किसी खास मौसम में चलेगा या आप पूरे साल पौधे बेच पाएंगे? अगर आप बड़े आकार के पौधे बेचते हैं, तो उनकी पैकेजिंग, शिपिंग और स्थानीय डिलीवरी की व्यवस्था कैसे करेंगे? इन सवालों पर पहले से विचार करना जरूरी है।
कस्टमरों को सही जानकारी देना इन चुनौतियों को कम कर सकता है। द सिल, जिसने शुरुआत इनडोर पौधों से की थी और बाद में झाड़ियों, पैटियो पौधों और फूलदार पेड़ों तक विस्तार किया, कस्टमरों को ग्रोइंग ज़ोन के आधार पर खरीदारी करने देता है। ब्रांड “मिडवेस्ट की सर्दी जितना मजबूत” और “पाले से बेअसर” जैसे विवरण भी जोड़ता है, ताकि कस्टमर सही विकल्प चुन सकें।
3. बीज और बल्ब
बीज और बल्ब, लाइव पौधों की तुलना में शिप और स्टोर करना ज्यादा आसान होते हैं। हालांकि, इन्हें बेचने के लिए आपके पास खुद पौधे उगाने की पर्याप्त जगह होनी चाहिए या फिर ऐसे किसानों और ग्रोअर्स से संपर्क होना चाहिए, जो आपके लिए बीज और बल्ब उपलब्ध करा सकें। अपने प्रोडक्ट पेज पर पौधे उगाने से जुड़ी जरूरी जानकारी के साथ-साथ बड़े होकर तैयार पौधों की तस्वीरें भी जरूर दें। इससे कस्टमरों को पहले से साफ अंदाजा हो जाएगा कि सही देखभाल के बाद पौधा कैसा दिखेगा और उन्हें आखिर में क्या मिलेगा।
विस्तृत प्रोडक्ट पेजों के अलावा, कनाडा स्थित वेस्ट कोस्ट सीड्स हर साल एक ग्रोइंग गाइड जारी करता है और कस्टमरों को सही बीज व सप्लाई चुनने में मदद के लिए ऑनलाइन क्विज़ भी देता है।
4. टेरैरियम और किट
आप जीवित पौधों और ज़रूरी सामान के साथ ऐसी किट भी बेच सकते हैं, जिनसे कस्टमर घर पर टेरैरियम बना सकें। उदाहरण के लिए, लंदन टेरैरियम्स अलग-अलग आकार के टेरैरियम और खुद बनाने की किट बेचता है।
संस्थापक एमा सिब्ली का बिज़नेस भी एक शौक से ही शुरू हुआ था।
शॉपिफ़ाई मास्टर्स पॉडकास्ट के एक एपिसोड में वह बताती हैं, “मैं बस टेरैरियम बना रही थी, उनकी तस्वीरें लेती थी और फिर उन्हें इंस्टाग्राम पर शेयर कर देती थी। धीरे-धीरे मेरे दोस्त और परिवार वाले मुझसे कहने लगे, ‘मेरी मां का जन्मदिन है, क्या तुम उनके लिए भी एक टेरैरियम बना सकती हो?’”
जब परिवार और परिचितों की ओर से टेरैरियम की मांग बढ़ने लगी, तो एमा को एहसास हुआ कि इसे एक असली बिज़नेस में बदला जा सकता है। इसके बाद उन्होंने लोकल मार्केट में अपने प्रोडक्ट बेचना शुरू किए और धीरे-धीरे अपने बिज़नेस को आगे बढ़ाते हुए आखिरकार अपनी खुद की दुकान खोल ली।
लंदन टेरैरियम्स की वेबसाइट पर एक बेस्टसेलर सेक्शन भी है, जहां उन प्रोडक्ट्स को प्रमुखता से दिखाया जाता है जिन्हें कस्टमर सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इससे वेबसाइट पर आने वाले विज़िटर्स को लोकप्रिय प्रोडक्ट्स आसानी से खोजने और खरीदारी का फैसला लेने में मदद मिलती है।
5. पौधों से बने प्रोडक्ट
अगर आपको गार्डनिंग का अच्छा अनुभव है और आपके पास घर पर बगीचा या उगाने की जगह है, तो आप अपने पौधे खुद उगा सकते हैं और उनसे जुड़े प्रोडक्ट्स तैयार कर सकते हैं। टेरे ब्लू के संस्थापक अपने फार्म पर लैवेंडर उगाते हैं और उसी से लैवेंडर आधारित साबुन, स्प्रे और बाम तैयार करके ऑनलाइन बेचते हैं।
6. प्लांट सब्सक्रिप्शन
सब्सक्रिप्शन मॉडल पौधों के शौकीनों को लगातार अपने कलेक्शन में नई प्रजातियां जोड़ने का मौका देता है। पार्टली सनी प्रोजेक्ट्स का पीएसपी सक्युलेंट सब्सक्रिप्शन बॉक्स हर महीने तीन पौधे देता है।
7. ऑनलाइन कोर्स और वर्कशॉप
पौधों और बागवानी के बारे में अपनी जानकारी ऑनलाइन कोर्स और वर्कशॉप के जरिए साझा करें। द गार्डनर्स वर्कशॉप फूलों की खेती और फ्लोरिस्ट्स को बेचने जैसे विषयों पर कई क्लासेस देता है, ताकि कस्टमर अपने प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए ज़रूरी साधन पा सकें।
8. प्लांट सेवाएं
क्यों न ऐसा सेवा-आधारित बिज़नेस शुरू किया जाए जो इवेंट्स के लिए पौधे उपलब्ध कराए या कॉर्पोरेट कस्टमरों के लिए ग्रीन वॉल्स की देखभाल करे? या फिर “प्लांटीरियर डिज़ाइन” आज़माएं, यह शब्द प्लांट शॉप ग्राउंडेड अपनी निजी क्लाइंट कंसल्टेशन सेवा के लिए इस्तेमाल करता है।
ऑनलाइन पौधे कैसे बेचें
- अपना नीश चुनें
- तय करें कि पौधे खुद उगाने हैं या सोर्स करने हैं
- बिज़नेस का नाम चुनें
- अपने बिज़नेस को कानूनी रूप से स्थापित करें
- पौधों की कीमत तय करें
- बिज़नेस प्लान बनाएं
- इन्वेंट्री के लिए अपना तरीका तय करें
- अपना ऑनलाइन स्टोर बनाएं
- प्रोडक्ट और कलेक्शन पेज बेहतर बनाएं
- पौधों को सुरक्षित तरीके से शिप करें
- मार्केटिंग और सोशल मीडिया की योजना बनाएं
अपने ऑनलाइन प्लांट बिज़नेस को शुरू करने के लिए ये कदम अपनाएं:
1. अपना नीश चुनें
प्लांट बिज़नेस शुरू करते समय कुछ बातों पर ध्यान देना ज़रूरी है:
कौशल और रुचियां
हो सकता है आप बेहतरीन माली हों और फिडल लीफ फिग जैसे पौधों की अच्छी समझ रखते हों। या फिर आपको दूसरों के साथ अपने उगाने के सुझाव साझा करना पसंद हो। आपके कौशल और रुचियां तय करेंगी कि आपके लिए किस तरह का प्लांट बिज़नेस सही है।
लोकेशन
क्या आप ऐसे इलाके में हैं जहां पौधे उगाना मुश्किल है? या आप पूरे साल आसानी से पौधे उगा सकते हैं? आप कहां रहते हैं, इससे यह तय हो सकता है कि आप किस तरह के पौधे बेचेंगे, या यह भी कि आप किस तरह के प्लांट बिज़नेस पर ध्यान देंगे।
उदाहरण के लिए, लॉस एंजिलिस स्थित प्लांट मटेरियल कैलिफ़ोर्निया के स्थानीय पौधों में विशेषज्ञता रखता है। प्लांट मटेरियल के सह-संस्थापक मैथ्यू बरोज़ शॉपिफ़ाई मास्टर्स के एक एपिसोड में कहते हैं, “इन पौधों को लोगों तक पहुंचाना और उन्हें कैलिफ़ोर्निया के स्थानीय पौधों के साथ काम करने का आनंद और फायदे महसूस कराना, यही असली लक्ष्य है।”
टारगेट कस्टमर
आपका टारगेट कस्टमर ग्रुप आपके पूरे बिज़नेस की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता है। मसलन, अगर आप नए प्लांट लवर्स को टारगेट कर रहे हैं, तो आपकी प्रोडक्ट रेंज, मार्केटिंग और कम्युनिकेशन का तरीका उन अनुभवी गार्डनर्स से अलग होगा, जिन्हें पहले से पौधों की अच्छी जानकारी है।
कम्पटीशन
कम्पटीटर्स का अध्ययन करने से आपको भारतीय प्लांट मार्केट को बेहतर समझने और अपने बिज़नेस को दूसरों से अलग बनाने का तरीका खोजने में मदद मिलेगी। देखें कि आपके इलाके में कौन-कौन सी नर्सरी और ऑनलाइन प्लांट स्टोर्स पहले से काम कर रहे हैं, वे किस तरह के पौधे बेचते हैं, उनकी प्राइसिंग क्या है और वे कस्टमर्स को किस तरह की सर्विस दे रहे हैं।
इसके बाद ऐसी कैटेगरी या सर्विस पर फोकस करें, जहां मार्केट में कम कम्पटीशन हो। उदाहरण के लिए, आप इंडोर प्लांट्स, नेटिव पौधों, कम रोशनी में उगने वाले पौधों, प्लांट केयर प्रोडक्ट्स या खास तरह के प्लांट कॉम्बो पर फोकस करके अपने बिज़नेस को अलग पहचान दे सकते हैं।
2. तय करें पौधे खुद उगाने हैं या सोर्स करने हैं
अगर आपके पास सही जगह और सही परिस्थितियां हैं, तो बेचने के लिए पौधे उगाना संभव है। अनसॉलिसिटेड प्लांट टॉक्स की एप्रिल ने अपने घर के अंदर रैक पर पौधों की कटिंग से शुरुआत की थी।
लेकिन बड़े स्तर पर पौधे बेचने के लिए ज़्यादा जगह चाहिए होती है, और आपका शुरुआती सेटअप जल्दी छोटा पड़ सकता है। बाद में एप्रिल ने ग्रीनहाउस बनाने के लिए नासा से फंडिंग हासिल की।
पार्टली सनी प्रोजेक्ट्स की संस्थापक सोन्या डेट्रिनिडाड ने अपने पौधे खुद न उगाने का फैसला किया, क्योंकि उनके कैलिफ़ोर्निया इलाके में अनुभवी ग्रोअर्स के साथ साझेदारी करना आसान था। वे कहती हैं, “मेरे पास ऐसे ग्रोअर्स हैं जो 40 साल से कुछ खास किस्मों के पौधे उगा रहे हैं।”
आखिरकार, यह फैसला आपके बिज़नेस मॉडल, कौशल, बजट और उपलब्ध जगह पर निर्भर करेगा।
3. बिज़नेस का नाम चुनें
आपका नाम सीधा-सादा हो सकता है, जैसे लंदन टेरैरियम्स, या थोड़ा अलग व्यक्तित्व वाला, जैसे अनसॉलिसिटेड प्लांट टॉक्स। यह पूरी तरह आपकी ब्रांड पहचान पर निर्भर करता है।
अपने प्लांट ब्रांड के लिए सही नाम सोचने में मदद के लिए शॉपिफ़ाई का एआई बिज़नेस नेम जेनरेटर आज़माएं। अपने बिज़नेस का विवरण दें, आप अपना स्थान या अपनी पेशकशों की जानकारी भी जोड़ सकते हैं, और यह टूल कई विकल्प सुझाएगा।
अंतिम फैसला लेने से पहले, यह जांच लें कि नाम पहले से लिया तो नहीं गया, सोशल मीडिया पर, डोमेन पर, और आपके राज्य या स्थानीय बिज़नेस रजिस्ट्रेशन डेटाबेस में।
4. अपने बिज़नेस को कानूनी रूप से स्थापित करें
भारत में अपने प्लांट बिज़नेस को किस तरह रजिस्टर करना है, यह आपके बिज़नेस के आकार, पार्टनर्स की संख्या और काम करने के तरीके पर निर्भर करेगा। अगर आप अकेले बिज़नेस शुरू कर रहे हैं, तो सोल प्रोप्राइटरशिप एक आसान विकल्प हो सकता है। वहीं, पार्टनर के साथ बिज़नेस शुरू करने पर पार्टनरशिप फर्म या LLP जैसे स्ट्रक्चर पर विचार किया जा सकता है। बड़े बिज़नेस के लिए प्राइवेट लिमिटेड कंपनी भी एक विकल्प है।
आपके चुने गए बिज़नेस स्ट्रक्चर के आधार पर रजिस्ट्रेशन, अकाउंटिंग और टैक्स से जुड़ी औपचारिकताएं अलग हो सकती हैं। इसलिए शुरुआत में ही किसी CA या बिज़नेस कंसल्टेंट से सलाह लेना उपयोगी रहेगा। आपको जरूरत के अनुसार GST रजिस्ट्रेशन, बिज़नेस बैंक अकाउंट और अन्य जरूरी रजिस्ट्रेशन भी कराने पड़ सकते हैं।
इसके अलावा, अपने राज्य और स्थानीय नियम जरूर जांचें कि जीवित पौधे, बीज, मिट्टी या अन्य प्लांट मटेरियल बेचने और एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए किसी अतिरिक्त लाइसेंस या परमिशन की जरूरत तो नहीं है। अगर आप कर्मचारियों को नियुक्त करने वाले हैं, तो पेरोल, कर्मचारी रिकॉर्ड और लागू श्रम नियमों से जुड़ी औपचारिकताओं का भी ध्यान रखें।
5. पौधों की कीमत तय करें
ऑनलाइन बिक्री के लिए पौधों की कीमत तय करते समय आप सामान्य प्राइसिंग मॉडल अपना सकते हैं। अपनी पेशकशों की रिटेल कीमत निकालने के लिए:
- हर प्रोडक्ट की परिवर्ती लागत जोड़ें, जैसे माल की लागत, पैकेजिंग, शिपिंग आदि।
- अपने समय की कीमत तय करें और अनुमान लगाएं कि हर प्रोडक्ट पर कितना समय लगेगा।
- अपनी स्थिर लागतें जोड़ें, जैसे किराया, और उसे हर महीने बिकने वाले अनुमानित प्रोडक्ट्स की संख्या से विभाजित करें।
- इसके ऊपर अपनी इच्छित लाभ मार्जिन जोड़ें, साथ ही बाज़ार को ध्यान में रखें।
इसके अलावा, यह समझना भी जरूरी है कि आपके टारगेट कस्टमर कौन हैं और वे पौधों के लिए कितना खर्च करना पसंद करेंगे। उदाहरण के लिए, अमेरिका की प्लांट शॉप ग्राउंडेड में पौधों की कीमत करीब ₹1,700 से ₹8,100 तक है। भारतीय मार्केट में कीमत तय करते समय आपको अपने कस्टमर्स की खर्च करने की क्षमता, आपके पौधों की क्वालिटी और लोकल मार्केट में मौजूद कीमतों को ध्यान में रखना चाहिए।
ग्राउंडेड की सह-संस्थापक मिग्नॉन हेम्सली कहती हैं, “हमने अपनी कीमतें सोच-समझकर ऐसी रखी हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग इन्हें आसानी से खरीद सकें। हम चाहते हैं कि हर कोई पौधे रखने और उनकी देखभाल करने का अनुभव ले सके।”
6. बिज़नेस प्लान बनाएं
बिज़नेस प्लान आपकी कंपनी का रोडमैप होता है। इसमें आमतौर पर ये हिस्से शामिल होते हैं:
- कंपनी का विवरण: अपने बिज़नेस, उसके लक्ष्यों, बिज़नेस मॉडल, स्ट्रक्चर, विज़न, मिशन और वैल्यू प्रपोज़िशन के बारे में स्पष्ट जानकारी दें।
- मार्केट रिसर्च: अपने चुने हुए मार्केट की स्थिति, संभावित अवसर, मार्केट का आकार और मौजूदा कम्पटीशन से जुड़ी जरूरी जानकारी शामिल करें।
- प्रोडक्ट और सेवाएं: आप क्या-क्या ऑफर करेंगे, इसका विवरण दें। इसमें पौधों की कीमत तय करने का तरीका और आपकी प्राइसिंग स्ट्रैटेजी भी शामिल होनी चाहिए।
- मार्केटिंग प्लान: इसमें बताएं कि आप अपनी प्लांट शॉप को प्रमोट करने, नए कस्टमर्स तक पहुंचने और अपने बिज़नेस की ब्रांड पहचान बनाने के लिए किन मार्केटिंग तरीकों का इस्तेमाल करेंगे।
7. इन्वेंट्री के लिए अपना तरीका तय करें
अगर आप सिर्फ आउटडोर पौधे नहीं बेच रहे हैं, तो आपको आमतौर पर अपनी इन्वेंट्री को सुरक्षित रखने के लिए एक टेम्परेचर-कंट्रोल्ड स्पेस की जरूरत होगी। पार्टली सनी प्रोजेक्ट्स की सोन्या ने भी अपने बिज़नेस की शुरुआत गैरेज से की थी। जैसे-जैसे बिज़नेस बढ़ा, उन्होंने ज्यादा पौधे रखने और उनकी बेहतर देखभाल के लिए एक डेडिकेटेड ग्रीनहाउस स्पेस में शिफ्ट कर लिया।
आपकी स्टोरेज ज़रूरतें इस बात पर निर्भर करेंगी कि आप क्या बेचते हैं, प्रोडक्ट कैसे सोर्स करते हैं, और आपका बजट कितना है। बिज़नेस स्थापित होने तक आप घर की जगह का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
या फिर आप वेयरहाउस में जगह किराए पर ले सकते हैं। आप ड्रॉपशिपिंग पर भी विचार कर सकते हैं, जिसमें आप अपने ब्रांड नाम से पौधे या उनसे जुड़े प्रोडक्ट बेचते हैं, लेकिन उनकी पूर्ति कोई तीसरा सप्लायर करता है।
जब आप तय कर लें कि आपकी इन्वेंट्री कहां रहेगी, तब आपको उसे मैनेज करने की रणनीति भी चाहिए होगी। भरोसेमंद सप्लायर इसमें मदद करेंगे। साथ ही खुद से ये सवाल पूछें:
- अतिरिक्त इन्वेंट्री का क्या करूंगा?
- क्या आने वाली किस्मों के लिए प्री-सेल चलाऊंगा?
- क्या मुझे यह मानकर अतिरिक्त स्टॉक रखना चाहिए कि कुछ पौधे खराब हो सकते हैं या मर सकते हैं?
- अगर मैं कई दिनों के लिए बाहर चला जाऊं, तो पौधों की देखभाल की क्या व्यवस्था होगी? अगर अभी स्टाफ नहीं है, तो ऑटोमेटेड सिंचाई सिस्टम और टाइमर वाले ग्रो लाइट्स मदद कर सकते हैं।
8. अपना ऑनलाइन स्टोर बनाएं
अपनी वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन पौधे बेचने से आपको अपने बिज़नेस पर सबसे ज़्यादा नियंत्रण मिलता है। सोन्या ने शुरुआत व्हाट्सऐप (WhatsApp) ग्रुप चैट के जरिए ऑर्डर लेने और हर कस्टमर को अलग से इनवॉइस भेजने से की थी।
जब यह तरीका बहुत समय लेने लगा, तो उन्होंने शॉपिफ़ाई पर एक ऑनलाइन स्टोर शुरू किया। इससे कागज़ी काम में समय कम लगा और ब्रांड बनाने पर ज़्यादा ध्यान देना संभव हुआ।
शॉपिफ़ाई बिज़नेस के लिए वेबसाइट शुरू करना आसान बनाता है, इसके लिए कोडिंग या डिज़ाइन कौशल की ज़रूरत नहीं होती। शॉपिफ़ाई थीम स्टोर से कोई तैयार थीम चुनें और उसे अपनी ब्रांडिंग, फ़ॉन्ट, रंग और लेआउट के अनुसार कस्टमाइज़ करें। मजबूत ब्रांड कहानी वाले प्लांट सेलर्स के लिए कैस्केड थीम अच्छा विकल्प है, जबकि एडिशन्स थीम में पर्याप्त खाली जगह है, जिससे आपके पौधे उभरकर दिखते हैं।
आप अपने शॉपिफ़ाई स्टोर में ऐप्स जोड़कर उसकी क्षमता बढ़ा सकते हैं और साइट को अपनी ज़रूरत के मुताबिक बना सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप Etsy, Amazon या eBay जैसे मार्केटप्लेस पर बेचना चाहते हैं, तो शॉपिफ़ाई मार्केटप्लेस कनेक्ट से अपने शॉपिफ़ाई कैटलॉग को उन प्लेटफ़ॉर्म्स से जोड़ सकते हैं। आप अपने शॉपिफ़ाई कैटलॉग को फेसबुक जैसे सोशल सेलिंग चैनलों से भी जोड़ सकते हैं।
9. प्रोडक्ट और कलेक्शन पेज बेहतर बनाएं
जब आप ऑनलाइन पौधे बेचते हैं, तो आपके पास यह सुविधा नहीं होती कि आप कस्टमरों को नर्सरी में घुमाकर हर पौधा दिखा सकें। इसलिए आपके कलेक्शन और प्रोडक्ट पेजों को ही यह काम करना होगा कि कस्टमर अपने लिए सही पौधा ढूंढ सकें।
अपने पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी दें, जैसे प्रजाति, आम नाम, विवरण, आकार, देखभाल निर्देश और कठिनाई स्तर। फिर उन्हें उपयोगी कलेक्शन पेजों में समूहित करें। यह जानकारी सिर्फ कस्टमर शिक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि सर्च इंजन के जरिए आपके प्रोडक्ट खोजे जाने में भी मदद करती है।
प्रोडक्ट फ़ोटो आपके पेज के सबसे अहम हिस्सों में से एक हैं। चाहे आप किसी पेशेवर को रखें या खुद करें, इन बातों का ध्यान रखें:
- ऐसी कई तस्वीरें दिखाएं जिनसे कस्टमर प्रोडक्ट को अलग-अलग कोणों से देख सके।
- क्लोज़-अप तस्वीरें शामिल करें जो बनावट को साफ दिखाएं।
- प्रोडक्ट को ऐसे दृश्य में दिखाएं जो कस्टमर को प्रेरित करे कि वह इसे अपने घर या जगह में कैसे रख सकता है। स्टाइलिंग करते समय पौधे की रोशनी और नमी की ज़रूरतों का ध्यान रखें। उदाहरण के लिए, फिडल लीफ फिग को सीधी धूप में नहीं दिखाना चाहिए, क्योंकि यह पौधा छनकर आने वाली रोशनी पसंद करता है।
10. पौधों को सुरक्षित तरीके से शिप करें
पौधों की शिपिंग और पैकिंग करते समय खास सावधानी बरतनी पड़ती है। पार्टली सनी प्रोजेक्ट्स की सोन्या के मुताबिक, “मानकर चलिए कि आपका पैकेज मंज़िल तक पहुंचने से पहले एक मुश्किल सफर से गुजरेगा। इसलिए पौधे को सुरक्षित रखने के लिए पैकिंग में हर जरूरी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।”
पौधों की सही पैकिंग उनके सुरक्षित पहुंचने और कस्टमर की संतुष्टि, दोनों के लिए ज़रूरी है। पैकिंग और शिपिंग प्रक्रिया तय करते समय इन बातों का ध्यान रखें:
- इंटरनेशनल शिपिंग रूल्स समझें: मिट्टी और ऑर्गेनिक मटेरियल को एक देश से दूसरे देश ले जाने पर कई नियम लागू होते हैं। कुछ पौधों और बीजों की शिपिंग दूसरे देशों में प्रतिबंधित हो सकती है। इसलिए जिन देशों या क्षेत्रों में आप बेचना चाहते हैं, वहां के शिपिंग और प्लांट-क्वारंटीन रूल्स पहले अच्छी तरह समझ लें।
- एक्सट्रीम वेदर का ध्यान रखें: बहुत ज्यादा गर्मी या ठंड पौधों को नुकसान पहुंचा सकती है। अगर ट्रांज़िट के दौरान टेम्परेचर शून्य से नीचे जाने की संभावना हो, तो हीट पैक का इस्तेमाल करें और एक्सप्रेस शिपिंग का विकल्प चुनें।
- पौधे को शिपिंग के लिए तैयार करें: मिट्टी को फैलने से रोकने के लिए पौधे के बेस के आसपास कार्डबोर्ड कॉलर या लकड़ी की फिलिंग लगाएं। यह भी सुनिश्चित करें कि शिपिंग से पहले पौधे में पर्याप्त नमी हो। इसके बाद पौधे को बॉक्स में अखबार या बायोडिग्रेडेबल पैकिंग मटेरियल की मदद से अच्छी तरह सुरक्षित करें।
- सही कैरियर चुनें: ऐसे शिपिंग कैरियर के साथ काम करें जो सप्ताह के सातों दिन डिलीवरी करते हों, ताकि वीकेंड पर पैकेज रुकने का जोखिम कम हो। लोकल एरिया से बाहर के ऑर्डर्स के लिए केवल एक्सप्रेस शिपिंग का विकल्प देना भी एक अच्छा तरीका हो सकता है।
11. मार्केटिंग और सोशल मीडिया की योजना बनाएं
अगर आप सही चैनलों का मिश्रण चुनते हैं, तो अपने ऑनलाइन दर्शक वर्ग को बढ़ाने के कई मौके हैं। इनमें से कुछ पर विचार करें:
सोशल मीडिया मार्केटिंग
अगर आपका बजट सीमित है, तो आप रेगुलर पोस्टिंग और उपयोगी कंटेंट के जरिए सोशल मीडिया पर ऑर्गेनिक ऑडियंस बना सकते हैं। उदाहरण के लिए, सोन्या ने टिकटॉक पर खुद को प्लांट एक्सपर्ट के तौर पर स्थापित किया। इससे वे ज्यादा सेल्स-फोकस्ड नजर आए बिना कस्टमर्स के साथ अपने ब्रांड का भरोसेमंद रिश्ता बना पाईं।
वे कहती हैं, “प्लेटफ़ॉर्म पर खुद को एक भरोसेमंद इंफॉर्मेशन सोर्स के तौर पर पेश करें। इसके बाद सहज तरीके से कहें, ‘वैसे, यह मेरी वेबसाइट का लिंक है।’ जब लोग आपके बताए तरीकों को आजमाकर उनके अच्छे नतीजे देखेंगे, तो उनका आप पर भरोसा बढ़ेगा और वे आपके ब्रांड से जुड़ने लगेंगे।”
प्रेस
मीडिया कवरेज आपके ब्रांड की पहचान और भरोसा तेजी से बढ़ाने का एक प्रभावी तरीका हो सकता है। ग्राउंडेड को इसका फायदा तब मिला, जब वह 2020 में अपने बड़े लॉन्च की तैयारी कर रहा था। उस समय कंपनी की सोशल मीडिया मौजूदगी और न्यूज़लेटर को बहुत ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। मिग्नॉन बताती हैं, “डैनुएल ने अपने पिताजी के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया, ताकि वे हमारे 100वें फॉलोअर बन सकें।” इसके बाद डैनुएल ने एक प्रेस रिलीज तैयार की, जिसमें ग्राउंडेड के सब्सक्रिप्शन प्रोग्राम को खास तौर पर हाइलाइट किया गया था। यही ऑफर कंपनी को दूसरी प्लांट शॉप्स से अलग बनाता था। उन्होंने यह प्रेस रिलीज स्थानीय मीडिया और पब्लिकेशन्स को भेजी। एक पब्लिकेशन ने ग्राउंडेड पर स्टोरी प्रकाशित की और इसके बाद ब्रांड के फॉलोअर्स बढ़कर 8,000 हो गए। वहीं, करीब 700 लोगों ने न्यूज़लेटर के लिए साइन अप किया।
कंटेंट मार्केटिंग
कंटेंट मार्केटिंग का मूल विचार है, उपयोगी सामग्री बनाना और प्रकाशित करना ताकि दर्शकों का भरोसा जीता जा सके। उदाहरण के लिए, कोई ब्रांड ऐसे शैक्षिक वीडियो बना सकता है जो लोगों को बालकनी गार्डन बनाना सिखाएं। एपिक गार्डनिंग प्लांट शॉप बनने से पहले एक ब्लॉग था, लेकिन आज भी वह अपने ब्लॉग और यूट्यूब चैनल के जरिए भरोसेमंद उपयोगी सामग्री देता है।
संस्थापक केविन एस्पिरिटु शॉपिफ़ाई मास्टर्स के एक एपिसोड में कहते हैं, “हमारे पास एक स्टाफ हॉर्टिकल्चरिस्ट है, और हमारे सभी लेखक गार्डन राइटर्स हैं। उन्हें किसी न किसी तरह की बागवानी का प्रशिक्षण है। किसी की विशेषज्ञता फूलों में है, किसी की सजावटी पौधों में, किसी की झाड़ियों में। हम सही विषय के लिए सही लेखक चुनते हैं। हमारे सभी लेख एक हॉर्ट रिव्यू से गुजरते हैं, जहां हमारा हॉर्टिकल्चरिस्ट उन्हें देखकर उनकी सटीकता जांचता है।”
एक सफल प्लांट ब्रांड चलाने के 3 सुझाव
अपने ऑनलाइन प्लांट बिज़नेस को बढ़ाने के लिए ये तरीके मददगार हो सकते हैं:
भरोसा बनाएं
चूंकि आप लाइव पौधों की शिपिंग कर रहे हैं, इसलिए आपके ब्रांड मैसेज में यह साफ नजर आना चाहिए कि आपको पौधों की अच्छी जानकारी है, आपकी शिपिंग प्रोसेस सुरक्षित और सावधानीपूर्ण है और खरीदारी के बाद भी आप कस्टमर्स को जरूरी सपोर्ट देते हैं। अपने ब्रांड और कंटेंट स्ट्रैटेजी में उपयोगी जानकारी और एजुकेशनल कंटेंट को प्राथमिकता देना कस्टमर्स का भरोसा जीतने का एक असरदार तरीका है।
पार्टली सनी की सोन्या पौधों की देखभाल जैसे नियमित कंटेंट के जरिए पहले दर्शकों का भरोसा बनाती हैं, फिर उन्हें कस्टमर में बदलती हैं।
सामने मिलकर संबंध बनाएं
लोकल रिटेल अवसरों के जरिए अपने ब्रांड की पहुंच बढ़ाने और नए दर्शकों से जुड़ने पर विचार करें। अपनी खुद की ऑफलाइन दुकान खोलने के अलावा, आमने-सामने बिक्री जोड़ने के कई किफायती तरीके हैं:
- लोकल किसान बाज़ारों में स्टॉल लगाएं।
- पॉप-अप इवेंट चलाएं, जैसे प्लांट स्वैप।
- किसी स्थापित रिटेल बिज़नेस के साथ साझेदारी करें और उनकी जगह से पौधे बेचें। उन्हें सजावट का फायदा मिलेगा और हर बिक्री पर कमीशन भी।
- अगर आप पौधे उगाते हैं या किसी समर्पित सुविधा से काम करते हैं, तो सीमित समय के लिए कस्टमरों को आकर इन्वेंट्री देखने का मौका दें, जैसे मासिक इवेंट के रूप में।
ग्राउंडेड अपनी कम्युनिटी से जुड़ने के लिए ऑफलाइन इवेंट्स आयोजित करता है। उदाहरण के लिए, फरवरी 2026 में उसने कस्टमरों को एयरप्लेन मोड नाम के एक इवेंट में बुलाया, जहां वे संगीत सुन सकते थे और ज़ीन बना सकते थे। यह सीधे पौधों से जुड़ा इवेंट नहीं था, लेकिन यह उसके वॉशिंगटन डीसी रिटेल स्पेस में आयोजित हुआ।
कस्टमर सर्विस पर ध्यान दें
जैसे पौधों को बढ़ने के लिए सही धूप, पानी और पोषण की जरूरत होती है, वैसे ही आपके कस्टमर्स को भी खरीदारी से पहले और खासकर खरीदारी के बाद सही गाइडेंस और सपोर्ट की जरूरत होती है।
ऑर्डर कन्फर्मेशन ईमेल, पैकेजिंग, ब्लॉग पोस्ट या अन्य कंटेंट के जरिए कस्टमर्स को पौधों की देखभाल से जुड़ी उपयोगी जानकारी दें। अपनी वेबसाइट के FAQ पेज में भी पौधों की देखभाल से जुड़े आम सवालों के जवाब शामिल करें। उदाहरण के लिए, द सिल का FAQ कस्टमर्स को ऐसे उपयोगी रिसोर्सेज तक पहुंचाता है, जहां उन्हें अपने पौधों की बेहतर देखभाल के लिए जरूरी जानकारी मिल सकती है।
जो समस्याएं FAQ में शामिल नहीं हैं, उनके लिए यह साफ रखें कि कस्टमर आपसे कब और कैसे संपर्क कर सकते हैं। जैसे-जैसे आपका बिज़नेस बढ़े, जानकार लोगों को कस्टमर सर्विस के लिए नियुक्त करें या यह काम आउटसोर्स करें। डैनुएल कहती हैं, “हमारे पास एक प्लांट स्पेशलिस्ट है जो कस्टमरों से बात करता है जब भी उन्हें अपने पौधों को लेकर कोई समस्या होती है।”
ग्राउंडेड भी कस्टमर सहायता में काफी निवेश करता है। मिग्नॉन कहती हैं, “लोग फ्री ज़ूम ऑफिस आवर्स के लिए साइन अप कर सकते हैं। वीडियो के जरिए हमारे लिए पौधे की समस्या समझना आसान होता है और हम उसे फिर से स्वस्थ बनाने में मदद कर पाते हैं।”
ऑनलाइन पौधे बेचने से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
क्या पौधे बेचना एक अच्छा बिज़नेस आइडिया है?
पौधे बेचने के लिए पौधों की देखभाल की जानकारी, सही जगह, स्टोरेज और शिपिंग की अच्छी व्यवस्था जरूरी होती है। इसके बावजूद, प्लांट बिज़नेस एक अच्छा विकल्प हो सकता है, क्योंकि लोगों की पौधों और गार्डनिंग में दिलचस्पी लगातार बनी हुई है। सही प्रोडक्ट, अच्छी सर्विस और मजबूत मार्केटिंग के साथ आप इस बिज़नेस को धीरे-धीरे बढ़ा सकते हैं।
ऑनलाइन पौधे बेचने के लिए सबसे अच्छा प्लेटफ़ॉर्म कौन सा है?
अगर आप भारत में अपना खुद का ऑनलाइन प्लांट स्टोर शुरू करना चाहते हैं, तो शॉपिफ़ाई एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे आप अपने स्टोर, ब्रांड और प्रोडक्ट्स पर पूरा कंट्रोल रख सकते हैं और कस्टमर डेटा को भी बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं। शॉपिफ़ाई के अलग-अलग ऐप्स की मदद से आप अपने स्टोर को इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के साथ-साथ अमेज़न, फ्लिपकार्ट जैसे ऑनलाइन मार्केटप्लेस से भी जोड़ सकते हैं। इससे आप अपनी वेबसाइट के अलावा उन प्लेटफ़ॉर्म्स पर भी कस्टमर्स तक पहुंच सकते हैं, जहां भारतीय ग्राहक पहले से ऑनलाइन खरीदारी करते हैं।
ऑनलाइन बेचने के लिए सबसे अच्छे पौधे कौन से हैं?
सही पैकिंग और शिपिंग प्रोसेस के साथ आप कई तरह के पौधे ऑनलाइन बेच सकते हैं। अगर आप इस बिज़नेस में नए हैं, तो सक्युलेंट से शुरुआत करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। ये पौधे आमतौर पर मजबूत और कॉम्पैक्ट होते हैं, इसलिए इन्हें पैक करना आसान होता है। इन्हें ट्रांज़िट के दौरान ज्यादा पानी की जरूरत भी नहीं होती। इसके अलावा, सक्युलेंट की कई किस्में आसानी से उपलब्ध हैं और इनकी देखभाल भी अपेक्षाकृत आसान होती है।
क्या ऑनलाइन पौधे बेचना कानूनी है?
हां, आमतौर पर ऑनलाइन पौधे बेचना कानूनी है, लेकिन आपके क्षेत्र के अनुसार बिज़नेस लाइसेंस या कुछ खास परमिट की जरूरत पड़ सकती है। इसके अलावा, दूसरे राज्यों या देशों में पौधे, मिट्टी और अन्य ऑर्गेनिक मटेरियल भेजने पर अलग-अलग नियम लागू हो सकते हैं। इसलिए बिज़नेस शुरू करने से पहले उन सभी क्षेत्रों के नियम जरूर चेक करें, जहां आप अपने पौधे बेचने या शिप करने की योजना बना रहे हैं।
क्या ऑनलाइन पौधे बेचकर पैसा कमाया जा सकता है?
हां, ऑनलाइन पौधे बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है, लेकिन किसी भी नए बिज़नेस की तरह इसमें भी समय और लगातार मेहनत लग सकती है। शुरुआत में आपकी कमाई का बड़ा हिस्सा इन्वेंट्री, पैकेजिंग, शिपिंग, मार्केटिंग और पेड विज्ञापनों में दोबारा लगाया जा सकता है। इसलिए शुरुआत में मुनाफे को लेकर बहुत ज्यादा उम्मीदें रखने के बजाय अपने बिज़नेस की लागत और बिक्री पर नजर रखें। जरूरत पड़ने पर अपनी प्राइसिंग स्ट्रैटेजी बदलें, अनावश्यक खर्च कम करें और यह समझने की कोशिश करें कि कौन-से पौधे और प्रोडक्ट सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। यही प्रक्रिया धीरे-धीरे आपके बिज़नेस को ज्यादा लाभदायक बनाने में मदद करेगी।

