कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक्स में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग के लिए एक बेहतरीन प्लेटफ़ॉर्म है। इसके लगभग आधे यूज़र्स यहीं से खरीदारी करते हैं। इंस्टाग्राम के कंटेंट फ़ॉर्मेट, जैसे इमेज, वीडियो और लाइवस्ट्रीम, से क्रिएटर्स को प्रोडक्ट की विस्तृत जानकारी दिखाने का मौका भी मिलता है।
इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग से आप उन कस्टमर्स तक पहुँच सकते हैं, जो इस प्लेटफ़ॉर्म पर खरीदारी के लिए तैयार रहते हैं। जब कोई आपके एफिलिएट लिंक से खरीदारी करता है, तो आपको कमीशन मिलती है। यह कमीशन आपकी सोशल मीडिया फ़ॉलोइंग को ऑनलाइन पैसे कमाने का एक बढ़िया ज़रिया बनाती है।
इस गाइड में जानें कि इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग का फ़ायदा कैसे उठाएं, फिर चाहे आप इन्फ्लुएंसर्स के साथ पार्टनरशिप करने वाले बिज़नेस ओनर हों या फिर अपनी कमीशन बढ़ाने की कोशिश में लगे कोई क्रिएटर।
इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग क्या है?
इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग एक मोनेटाइज़ेशन स्ट्रैटेजी होती है। इसके तहत क्रिएटर्स अपने फ़ॉलोअर्स के बीच प्रोडक्ट प्रमोट करके उनसे कमीशन कमाते हैं। Stories (स्टोरीज़), Reels (रील्स), बायो लिंक, और डिस्काउंट कोड के ज़रिए ट्रैक किए जा सकने वाले एफिलिएट लिंक शेयर करके क्रिएटर्स हर सेल पर एक तय प्रतिशत कमाते हैं।
इंस्टाग्राम का विज़ुअल-फ़र्स्ट फ़ॉर्मेट उसे एफिलिएट मार्केटिंग के लिए खासतौर पर असरदार बनाता है। क्रिएटर्स हाई-क्वालिटी इमेज, Reels (रील्स), और Stories (स्टोरीज़) के ज़रिए प्रोडक्ट दिखा सकते हैं, जिससे संभावित खरीदारों का भरोसा बनता है।
2025 में इंस्टाग्राम के Shop (शॉप) फ़ीचर्स के विस्तार से एफिलिएट प्रोसेस और आसान हो गया। अब क्रिएटर्स पोस्ट में सीधे प्रोडक्ट टैग करके शॉपेबल कंटेंट बना सकते हैं और इंटीग्रेटेड एनालिटिक्स टूल्स से कमीशन ट्रैक कर सकते हैं।
इस बारे में और जानने के लिए आप इस शॉर्ट वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर अंग्रेज़ी सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग के फ़ायदे
एक अच्छी तरह से तैयार की गई इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग स्ट्रैटेजी ब्रांड्स और क्रिएटर्स, दोनों के लिए फ़ायदेमंद होती है:
एफिलिएट्स को बेहतरीन कंटेंट बनाने की प्रेरणा मिलती है
इंस्टाग्राम क्रिएटर्स को अपने यूनीक एफिलिएट लिंक या डिस्काउंट कोड से होने वाली हर सेल पर कमीशन मिलती है। उनका कंटेंट जितना आकर्षक होगा, उनकी कमाई उतनी ही ज़्यादा होगी।
एफिलिएट मार्केटिंग से क्रिएटर्स को अपनी ऑडियंस बढ़ाकर अपने फ़ॉलोअर्स को पसंद आने वाला कंटेंट बनाते रहने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। ब्रांड्स के लिए इसका मतलब है ज़्यादा हाई-क्वालिटी यूज़र-जनरेटेड कंटेंट।
क्रिएटर्स को उन प्रोडक्ट्स को प्रमोट करने के पैसे मिलते हैं, जिनका वे खुद इस्तेमाल करते हैं
ऑडियंस का भरोसा बनाए रखना सबसे ज़रूरी होता है। अगर किसी क्रिएटर की प्रमोशन फर्ज़ी लगे, तो इससे एंगेजमेंट और फ़ॉलोअर्स, दोनों में गिरावट आ सकती है।
यह कोई आपदा नहीं, बल्कि दरअसल एक अवसर होता है। समझदार ब्रांड्स और क्रिएटर्स इंस्टाग्राम पर स्पैमी लिंक्स की झड़ी लगाने के बजाय अपने पसंदीदा प्रोडक्ट्स को ईमानदारी से प्रमोट करके पैसिव इनकम कमाते हैं।
ब्रांड्स और ऑडियंस का गहरा जुड़ाव बन सकता है
किसी असली इंसान का बनाया कंटेंट अक्सर ब्रांड के मार्केटिंग मटेरियल से ज़्यादा भरोसेमंद लगता है। इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग इसी भरोसे को भुनाती है, जिसके चलते ब्रांड्स को क्रिएटर्स के बनाए कनेक्शन का फ़ायदा मिलता है।
सेल्स बढ़ाने के अलावा, इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग कंज़्यूमर की राय जानने का भी एक ज़रिया होती है। ब्रांड्स को एफिलिएट लिंक वाले पोस्ट के कमेंट सेक्शन पर नज़र रखनी चाहिए। इन कमेंट्स में उन्हें वह फ़ीडबैक मिल सकता है, जो उन्हें अपनी खुद की पोस्ट पर भी नहीं मिलता।
एफिलिएट्स के लिए इंस्टाग्राम एल्गोरिदम की बेस्ट प्रैक्टिस
इंस्टाग्राम एल्गोरिदम इन चार कंटेंट पैटर्न को प्राथमिकता देता है:
- रिलेशनशिप सिग्नल (जैसे कमेंट, DM, और सेव) अब लाइक जैसे पैसिव एंगेजमेंट मेट्रिक्स से ज़्यादा अहम हो गए हैं।
- स्पष्ट डिस्क्लोज़र वाला कंटेंट छुपे हुए एफिलिएट कंटेंट से बेहतर परफ़ॉर्म करता है।
- यूज़र्स को प्लेटफ़ॉर्म पर ज़्यादा देर तक रोके रखने वाले कंटेंट को फ़ीड में प्राथमिकता मिलती है।
- नियमित पोस्टिंग शेड्यूल को छिटपुट हाई-एंगेजमेंट पोस्ट से ज़्यादा एहमियत दी जाती है।
इन नए नियमों के तहत विज़िबिलिटी बनाए रखने के लिए क्रिएटर्स को चाहिए कि वे:
- लगातार एंगेजमेंट के ज़रिए अपनी ऑडियंस के साथ मज़बूत रिश्ते बनाएं
- ऐसा कंटेंट बनाएं, जो सिर्फ़ प्रोडक्ट प्रमोशन से आगे जाकर कुछ वैल्यू भी दे
- यूज़र्स को प्लेटफ़ॉर्म पर बनाए रखने के लिए इंस्टाग्राम के नेटिव शॉपिंग फ़ीचर्स का इस्तेमाल करें
- प्रमोशनल और नॉन-प्रमोशनल कंटेंट के मिश्रण के साथ नियमित पोस्टिंग शेड्यूल बनाए रखें
क्रिएटर के तौर पर इंस्टाग्राम पर एफिलिएट मार्केटिंग कैसे करें
इंस्टाग्राम पर क्रिएटर के तौर पर पैसे कमाने से पहले आपको अपना अकाउंट एफिलिएट प्रमोशन के लिए तैयार करना होगा। आइए जानते हैं कि यह काम आप कैसे कर सकते हैं:
1. क्रिएटर या बिज़नेस अकाउंट पर स्विच करें
इंस्टाग्राम क्रिएटर प्रोफ़ाइल ब्लॉगर्स, इन्फ्लुएंसर्स, और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए होती है। इसमें एडवांस्ड इनसाइट्स जैसे टूल्स शामिल होते हैं, जिनसे क्रिएटर्स अपने कंटेंट को मोनेटाइज़ कर सकते हैं। फ़ॉलोअर ग्रोथ, ऑडियंस डेमोग्राफ़िक्स, और एंगेजमेंट लेवल देखें, और मैसेज टाइप के हिसाब से कई इनबॉक्स मैनेज करें।
हालांकि एफिलिएट लिंक या कोड शेयर करने के लिए तकनीकी रूप से क्रिएटर या बिज़नेस इंस्टाग्राम अकाउंट ज़रूरी नहीं है, लेकिन इन अकाउंट टाइप्स से आपको बेहद काम का परफ़ॉर्मेंस डेटा मिलता है।
पर्सनल से क्रिएटर अकाउंट पर स्विच करने के लिए, इंस्टाग्राम ऐप खोलकर स्क्रीन के नीचे दाईं ओर अपनी प्रोफ़ाइल पिक्चर चुन लें। फिर स्क्रीन के ऊपर दाईं ओर मौजूद हैमबर्गर आइकन (तीन लाइनें) पर टैप कर दें। इसके बाद, ये स्टेप्स फ़ॉलो करें:
- "Settings and activity" मेन्यू में, "For professionals" में जाकर स्क्रॉल करते-करते "Account type and tools" तक जाएँ।
- "Account type and tools" में जाकर "Switch to a professional account" पर टैप कर दें।
- अगली स्क्रीन पर प्रोफ़ेशनल अकाउंट के फ़ायदे दिखाए जाएंगे। जानकारी देखने के बाद "Continue" पर टैप करें।
- आपके एफिलिएट नीश पर सबसे फ़िट बैठने वाली केटेगरी चुनकर "Done" पर टैप कर दें।
- "Creator" चुनें।
2. सही एफिलिएट पार्टनर चुनें
इंस्टाग्राम एफिलिएट के तौर पर कमाई करने के लिए आपको ऐसी प्रोडक्ट्स पर कमीशन देने वाले ब्रांड्स खोजने होंगे, जिन्हें आप स्वाभाविक रूप से प्रमोट करके बेच सकते हैं।
ShareASale (शेयरअसेल), Rakuten Advertising (राकुतेन एडवरटाइज़िंग), Awin (अविन) और CJ (सीजे) जैसे एफिलिएट नेटवर्क पर एक ही डैशबोर्ड से कस्टम लिंक बनाने, कमीशन ट्रैक करने, और पेमेंट पाने की सुविधा मिलती है।
Amazon (अमेज़न) पर लगभग हर चीज़ मिलती है, इसलिए कुछ क्रिएटर्स Amazon Associates (अमेज़न एसोसिएट्स) के ज़रिए एफिलिएट मार्केटिंग करना पसंद करते हैं। यहां से उन्हें Amazon (अमेज़न) प्रोडक्ट्स पर कमीशन मिलती है।
अगर आपका कोई पसंदीदा इंडिपेंडेंट ब्रांड है, तो सीधे उनकी टीम से संपर्क करके देखें कि क्या वे आपके फ़ॉलोअर्स के लिए डिस्काउंट कोड दे सकते हैं।
3. एफिलिएट प्रोडक्ट्स को पेड पार्टनरशिप के तौर पर लेबल करें
फ़ेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) के सख्त दिशानिर्देश हैं, जिनके तहत क्रिएटर्स को ब्रांड्स के साथ एफिलिएट संबंध (जिसमें एफिलिएट लिंक भी शामिल हैं) का खुलासा करना ज़रूरी होता है। इन दिशानिर्देशों के अनुपालन के लिए आप कुछ ऐसा कह सकते हैं: "इस पोस्ट में दिए लिंक से की गई खरीदारी पर मुझे कमीशन मिलती है।"
इंस्टाग्राम का पेड पार्टनरशिप लेबल FTC एंडोर्समेंट कसौटियों पर खरा उतरने में एफिलिएट मार्केटर्स की मदद करता है। यह ब्रांड के कंटेंट को शेयर करने के लिए टैगिंग का मौका देता है, जैसा कि Chantel Mila (शान्टल मीला) की इस इंस्टाग्राम पोस्ट में देखा जा सकता है:
मार्केटर Lattice Hudson (लैटिस हडसन) का कहना है, "यह न छुपाएं कि वह कोई एफिलिएट मार्केटिंग पोस्ट है, वरना वह स्पैम जैसी लगेगी। अपनी ऑडियंस के साथ ईमानदार रहते हुए असली कंटेंट के ज़रिए सच्चे रिश्ते बनाएं। अगर उन्हें सिर्फ़ कमर्शियल मकसद दिखेगा, तो वे लौटकर वापस नहीं आएंगे।"
4. अपना इन्फ्लुएंस बढ़ाएं
ऑडियंस के साइज़ और एंगेजमेंट रेट से यह तय होता है कि क्रिएटर के तौर पर आपके लिए कौन से एफिलिएट मौके उपलब्ध होंगे। 10,000 से कम फ़ॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स को एफिलिएट प्रोग्राम ओनर्स के साथ कस्टम कमीशन समझौते करने में मुश्किल आ सकती है।
अपना इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंस बढ़ाने के लिए ये टिप्स अपनाकर देखें:
- जब आपकी ऑडियंस एक्टिव हो, तब पोस्ट करें। अपने एनालिटिक्स देखकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने का सबसे अच्छा समय पता करें।
- नियमित रहें। फ़ॉलो बटन दबाने के बाद फ़ॉलोअर्स को पता होना चाहिए कि उन्हें क्या मिलेगा। नियमित रूप से नया कंटेंट शेयर करने से एंगेजमेंट बढ़ती है, जो इंस्टाग्राम के एल्गोरिदम में एक अहम पैरामीटर होता है। Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) इंटरव्यू में Flexin' In My Complexion (फ्लेक्सिन इन माय कॉम्प्लेक्शन) की फ़ाउंडर Kheris Rogers (खेरिस रोजर्स) कहती हैं, "मैंने एक ब्रांड डील पोस्ट की, लेकिन उसके बाद कुछ नहीं पोस्ट किया। जब मैंने कल कुछ पोस्ट किया, तो उसके कुछ खास नतीजे नहीं आए क्योंकि उस ब्रांड डील के बाद मैंने बीच में कुछ पोस्ट ही नहीं किया था।"
- नॉन-प्रमोशनल कंटेंट शेयर करें। ज़्यादातर नॉन-प्रमोशनल कंटेंट पोस्ट करके अपने अकाउंट की विश्वसनीयता बनाए रखें। एफिलिएट वेबसाइट Beginner Surf Gear के फ़ाउंडर Marc Bromhall (मार्क ब्रोमहॉल) कहते हैं, "मैं 1-में-20 का सिद्धांत अपनाता हूँ, यानी मेरी सिर्फ़ 5% पोस्ट ही एफिलिएट पोस्ट होती हैं।"
- कोई नीश चुनें। अपने नीश के प्रति जुनून दिखाने से विश्वसनीयता बनती है। नए फ़ॉलोअर्स तक पहुँचने के लिए अपने विषय से जुड़े इंस्टाग्राम हैशटैग का इस्तेमाल करें।
5. इंस्टाग्राम Shop (शॉप) इंटीग्रेशन सेट-अप करें
इंस्टाग्राम ने अपने Shop (शॉप) फ़ीचर्स का विस्तार किया है, जिसके चलते एफिलिएट मार्केटिंग के साथ इसका इंटीग्रेशन और आसान हो गया है। इंस्टाग्राम Shop इंटीग्रेशन सेट-अप करने से आपके कन्वर्ज़न रेट में काफ़ी बढ़ोतरी आ सकती है।
Shopify (शॉपिफाई) पर यह करने के लिए:
- अपने इंस्टाग्राम बिज़नेस अकाउंट को Facebook (फ़ेसबुक) कैटलॉग से कनेक्ट कर दें
- अपनी इंस्टाग्राम सेटिंग्स में शॉपिंग फ़ीचर्स इनेबल कर दें
- अपने पोस्ट, Stories (स्टोरीज़), और Reels (रील्स) में प्रोडक्ट टैग कर दें
- अपनी प्रोफ़ाइल पर एक डेडिकेटेड Shop (शॉप) टैब बना दें
- Shop (शॉप) खरीदारी से कमीशन ट्रैक करने के लिए इंस्टाग्राम के एफिलिएट टूल्स का इस्तेमाल करें
इस इंटीग्रेशन से शॉपिंग अनुभव आसान हो जाता है, क्योंकि फ़ॉलोअर्स ऐप छोड़े बिना ही प्रोडक्ट ब्राउज़ करके उसे खरीद जो पाते हैं।
इंस्टाग्राम पर ज़्यादा एफिलिएट सेल्स के लिए 5 टिप्स
अपना इंस्टाग्राम एफिलिएट अकाउंट सेट-अप करने के बाद सेल्स बढ़ाने के लिए ये स्ट्रैटेजी अपनाएं:
1. बायो में लिंक का इस्तेमाल करें
ऑर्गेनिक पोस्ट में लिंक नहीं डाले जा सकते, इसलिए आपका बायो लिंक स्पेस एफिलिएट प्रमोशन के लिए सबसे कीमती जगह होता है।
इंस्टाग्राम बायो में पाँच लिंक तक डाले जा सकते हैं। अगर आपको ज़्यादा लिंक्स की ज़रूरत हो, तो Linktree जैसे लिंक एग्रीगेटर का इस्तेमाल करें, जो कई लिंक के साथ एक लैंडिंग पेज बनाता है। ये एग्रीगेटर एक सिंगल-लिंक हब बनाते हैं, जिसका आप इंस्टाग्राम और अन्य जगहों पर इस्तेमाल कर सकते हैं।
2. डिस्काउंट कोड Story (स्टोरी) हाइलाइट बनाएं
एक अच्छी डील किसे अच्छी नहीं लगती? इंस्टाग्राम Stories (स्टोरीज़) के ज़रिए डिस्काउंट कोड शेयर करके इसे अपनी स्ट्रैटेजी का हिस्सा बनाएं। Stories (स्टोरीज़) प्लेटफ़ॉर्म के सबसे लोकप्रिय फ़ॉर्मेट में से एक जो है।
Stories (स्टोरीज़) में लिंक स्टिकर का इस्तेमाल करके एफिलिएट लिंक डालें, जैसे @lilypebbles ने यहाँ किया है:
Stories (स्टोरीज़) गायब हो जाती हैं, लेकिन Story Highlights (स्टोरी हाइलाइट्स) बनाकर आप उनकी उम्र बढ़ा सकते हैं। Highlights (हाइलाइट्स) आपकी बायो के नीचे होती हैं और जब भी कोई आपकी प्रोफ़ाइल पर आता है, तो उन्हें वे दिखाई दे जाती हैं:
3. प्रोडक्ट डेमो रिकॉर्ड करें
एफिलिएट मार्केटिंग तब काम करती है, जब आपके इंस्टाग्राम फ़ॉलोअर्स आप पर इतना भरोसा करते हों कि आपके सुझाए प्रोडक्ट खरीद सकें। प्रोडक्ट डेमो की बदौलत संभावित कस्टमर्स को इंस्टाग्राम फ़ीड छोड़े बिना खरीदारी का फ़ैसला करने में मदद मिलती है।
उदाहरण के लिए, Aimee Smale (एमी स्मॉल) के इस इंस्टाग्राम वीडियो में, क्रिएटर बताती हैं कि वे Adobe (एडोबी) की एक प्रोडक्ट का डेमो वीडियो बनाने के लिए उनके साथ पार्टनरशिप कर रही हैं:
इंस्टाग्राम Reels (रील्स) स्टैटिक सिंगल-इमेज पोस्ट की तुलना में 125% तक ज़्यादा रीच दे सकती हैं, जो उन्हें एफिलिएट प्रोडक्ट डेमो के लिए खासतौर पर असरदार बनाता है। हाँ, यह आँकड़ा आपकी इंडस्ट्री और ऑडियंस की पसंद पर भी निर्भर करता है। अलग-अलग कंटेंट फ़ॉर्मेट आज़माकर अपनी ऑडियंस को पसंद आने वाले फ़ॉर्मेट पर ज़्यादा ध्यान दें।
4. अपनी रीच बढ़ाने के लिए हैशटैग का इस्तेमाल करें
एफिलिएट मार्केटिंग से पैसिव इनकम कमाने के लिए आपको नए इंस्टाग्राम फ़ॉलोअर्स की ज़रूरत पड़ेगी। जब आपका कंटेंट नए-नए लोगों की नज़र में आता है, तो ऑडियंस फ़टीग का खतरा कम हो जाता है।
इंस्टाग्राम हैशटैग खोजने के लिए कॉम्पिटिटर रिसर्च करें। ब्रांड्स, ब्लॉगर्स, और पब्लिशर्स अक्सर अपनी रीच बढ़ाने के लिए हैशटैग का इस्तेमाल करते हैं। अपने कॉम्पिटिटर्स के इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन और शुरुआती कमेंट देखें।
कोई हैशटैग डालने से पहले यह ज़रूर देख लें कि इंस्टाग्राम की पॉलिसी और दिशानिर्देशों के तहत वह मान्य है भी या नहीं। #adulting, #beautyblogger और #pushups जैसे हैशटैग के लगातार होने वाले गलत इस्तेमाल के चलते उन्हें अक्सर स्पैम कंटेंट की तरह देखा जाता है। इन्हें अपने एफिलिएट कंटेंट में इस्तेमाल करने से आपके कंटेंट को कम प्राथमिकता मिल सकती है।
टिप: इंस्टाग्राम पर एफिलिएट कंटेंट पोस्ट करते समय अपनी लोकेशन जियोटैग करें। उदाहरण के लिए, अगर आप एक ट्रैवल इन्फ्लुएंसर हैं और मुंबई में करने लायक बेहतरीन गतिविधियों के एफिलिएट लिंक के साथ इंस्टाग्राम Stories (स्टोरीज़) शेयर कर रहे हैं, तो शहर के लोगों से जुड़ने के लिए लोकेशन स्टिकर का इस्तेमाल करें।
5. परफ़ॉर्मेंस ट्रैक करते-करते उसमें बदलाव करें
एफिलिएट परफ़ॉर्मेंस ट्रैक करने से आपको पता चल जाता है कि कौन सी स्ट्रैटेजी काम कर रही है और कौन सी नहीं।
एफिलिएट मार्केटिंग डैशबोर्ड के ज़रिए क्रिएटर्स और ब्रांड्स परफ़ॉर्मेंस डेटा इकट्ठा करके उसका विश्लेषण करते हैं। इस डेटा से कन्वर्ज़न रेट, एफिलिएट लिंक क्लिक्स, और औसत ऑर्डर वैल्यू जैसे अहम मेट्रिक्स कैप्चर हो सकते हैं।
अपने एफिलिएट डैशबोर्ड पर ट्रैक करने के लिए अतिरिक्त ज़रूरी परफ़ॉर्मेंस इंडिकेटर्स:
- प्रोफ़ाइल एक्टिविटी। अगर आप फ़ॉलोअर्स को लिंक राउंडअप की तरफ़ भेज रहे हैं, तो देखें कि कितने लोग आपके बायो से लिंक पर क्लिक करते हैं।
- एंगेजमेंट रेट। एफिलिएट प्रोडक्ट ऑफ़रिंग, कंटेंट टाइप, और फ़ॉर्मेट के हिसाब से छाँटें। अगर ट्यूटोरियल-बेस्ड इंस्टाग्राम Stories (स्टोरीज़) स्टैंडर्ड ग्रिड पोस्ट से ज़्यादा एंगेजमेंट देती हैं, तो आगे उन्हें प्राथमिकता दें।
- फ़ॉलोअर्स। यह ट्रैक करना कि आपके फ़ॉलोअर्स स्थिर हैं, बढ़ रहे हैं, या घट रहे हैं, और क्या ये बदलाव किसी खास कैम्पेन से जुड़े हैं, सबसे असरदार स्ट्रैटेजी पहचानने में आपकी मदद कर सकता है।
इन इनसाइट्स पर काम करके इंस्टाग्राम सेल्स बढ़ाने का आपका तरीका और प्रभावी बनेगा।
क्या आप अपनी इनकम बढ़ाने के और तरीके खोज रहे हैं? हाई-टिकट एफिलिएट प्रोग्राम एक्सप्लोर करें।
इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग से कितना कमाया जा सकता है?
इंस्टाग्राम पर एफिलिएट कमाई आपकी ऑडियंस के साइज़, एंगेजमेंट रेट, नीश, और प्रमोट की जाने वाली प्रोडक्ट के आधार पर काफ़ी अलग-अलग होती है।
अलग-अलग स्तर के क्रिएटर्स आमतौर पर क्या उम्मीद कर सकते हैं:
- नैनो क्रिएटर्स (1,000 से 10,000 फ़ॉलोअर्स)। छोटी ऑडियंस का मतलब अक्सर बेहतर एंगेजमेंट रेट और आपसी भरोसे वाली कम्युनिटी होती है। कमाई नीश दर नीश अलग होती है। फ़ाइनेंस या टेक जैसी हाई-वैल्यू कैटेगरी के क्रिएटर्स प्रति कन्वर्ज़न ज़्यादा कमा सकते हैं।
- माइक्रो क्रिएटर्स (10,000 से 1,00,000 फ़ॉलोअर्स)। यह टियर अक्सर एफिलिएट मार्केटिंग के लिए सबसे बेहतरीन साबित होता है: ऑडियंस इतनी बड़ी कि लगातार सेल्स हो सकें, और इतनी एंगेज्ड कि सिफ़ारिशों पर भरोसा करे।
- मैक्रो क्रिएटर्स (1,00,000 या उससे ज़्यादा फ़ॉलोअर्स)। बड़ी ऑडियंस से अच्छी एफिलिएट कमाई हो सकती है, लेकिन बड़े पैमाने पर एंगेजमेंट रेट अक्सर कम हो जाता है।
इंस्टाग्राम एफिलिएट कमाई की असली संभावना आपके कन्वर्ज़न रेट, कमीशन प्रतिशत, और प्रोडक्ट की कीमत पर निर्भर करती है। 15% कमीशन पर ₹16,000 के स्किनकेयर प्रोडक्ट प्रमोट करने वाले क्रिएटर को 5% कमीशन पर ₹1,600 के प्रोडक्ट बेचने वाले क्रिएटर से कहीं कम सेल्स की ज़रूरत होगी।
Referral Candy के इन औसत एफिलिएट कमीशन रेट्स के ज़रिए आप अपनी कमाई का हिसाब लगा सकते हैं:
- कपड़े और एक्सेसरीज़: 8% से 15%
- ब्यूटी और पर्सनल केयर: 10% से 18%
- हेल्थ और वेलनेस: 8% से 15%
- फ़ूड और बेवरेज: 8% से 12%
- इलेक्ट्रॉनिक्स और गैजेट्स: 5% से 10%
- होम और लाइफ़स्टाइल: 8% से 12%
- स्पोर्ट और आउटडोर: 8% से 12%
- ज्वेलरी और एक्सेसरीज़: 10% से 15%
- पेट प्रोडक्ट्स: 10% से 15%
टिप: दूसरे प्लेटफ़ॉर्म पर शॉपेबल कंटेंट के साथ इंस्टाग्राम एफिलिएट लिंक डालकर अपनी कमाई बढ़ाएं। उदाहरण के लिए, Pat Flynn (पैट फ्लिन) Smart Passive Income (स्मार्ट पैसिव इनकम) ब्लॉग चलाते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने 2010 से अब तक एफिलिएट कमीशन में 35 लाख डॉलर से ज़्यादा कमाए हैं।
बिज़नेस के तौर पर इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग कैसे शुरू करें
एफिलिएट मार्केटिंग नई ऑडियंस तक पहुँचकर कस्टमर्स के बारे में और जानने का एक कम लागत वाला तरीका है। अपने बिज़नेस के लिए एक सफल एफिलिएट मार्केटिंग प्रोग्राम बनाने का तरीका यहाँ बताया गया है:
1. एफिलिएट नेटवर्क से जुड़ें
शुरुआत में ब्रांड्स के लिए सबसे आसान काम एफिलिएट मार्केटिंग प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल करना होता है। इन प्लेटफ़ॉर्मों पर एफिलिएट्स का एक बना-बनाया नेटवर्क होता है और वे आपकी तरफ़ से कमीशन ट्रैकिंग और पेमेंट भी संभाल लेते हैं।
लोकप्रिय एफिलिएट नेटवर्क्स में शामिल हैं:
- Impact (जिससे Shopify Affiliate Program चलता है)
- CJ Affiliate
- ShareASale
- Rakuten Advertising
- Awin
2. एफिलिएट्स को रिक्रूट करें
हर सफल एफिलिएट मार्केटिंग कैम्पेन के लिए एफिलिएट्स की काफ़ी एहमियत होती है। एफिलिएट नेटवर्क आपको क्रिएटर्स से जोड़ सकते हैं, लेकिन आप खुद भी उन्हें रिक्रूट कर सकते हैं।
अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया चैनल पर अपने एफिलिएट प्रोग्राम को प्रमोट करने पर विचार करके अपने एप्लिकेशन पेज का लिंक दे दें। साथ ही, पहले से ही आपके ब्रांड को फ़ॉलो करने वाले या फिर उसके बारे में पोस्ट करने वाले क्रिएटर्स को खोजकर उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने के बारे में सोचें।
3. कम्प्लायंस सुनिश्चित करें
बिज़नेस ओनर के तौर पर आप एफिलिएट फ्रॉड को रोककर प्लेटफ़ॉर्म के नियम-कायदों के पालन के लिए ज़िम्मेदार होते हैं।
पहले, अपने क्षेत्र में प्रोडक्ट प्रमोशन को नियंत्रित करने वाले लागू कानूनों और सोशल मीडिया पॉलिसी को समझें। फिर अपने एफिलिएट समझौतों में सुरक्षात्मक भाषा को शामिल करें (इस काम में एक वकील आपकी मदद कर सकता है)।
अपने एफिलिएट्स को कम्प्लायंस ट्रेनिंग देकर यह सुनिश्चित करें कि आपके दिए मार्केटिंग मटेरियल में कम्प्लायंस निर्देश शामिल हों। एफिलिएट कंटेंट की नियमित जाँच करके ऐसी किसी भी एफिलिएट पार्टनरशिप को खत्म कर दें, जिससे आपका ब्रांड जोखिम में आ सकता हो।
इंस्टाग्राम एफिलिएट मार्केटिंग: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
इंस्टाग्राम पर एफिलिएट मार्केटिंग शुरू करने के लिए कितने फ़ॉलोअर्स चाहिए?
ज़्यादातर एफिलिएट प्रोग्राम में शामिल होने के लिए कोई न्यूनतम फ़ॉलोअर संख्या नहीं होती। Amazon Associates (अमेज़न एसोसिएट्स) और ShareASale (शेयरअसेल) जैसे नेटवर्क ऑडियंस के साइज़ की परवाह किए बिना क्रिएटर्स को स्वीकार कर लेते हैं। हाँ, बड़ी ऑडियंस और ज़्यादा एंगेजमेंट रेट आमतौर पर बेहतर कमीशन रेट और ज़्यादा ब्रांड पार्टनरशिप के मौके लेकर आते हैं।
इंस्टाग्राम एफिलिएट के तौर पर प्रमोट करने के लिए सबसे अच्छे प्रोडक्ट कौन से हैं?
आपके नीश और ऑडियंस की रुचि से मेल खाने वाले प्रोडक्ट ही सबसे असरदार एफिलिएट प्रोडक्ट होते हैं। जिन प्रोडक्ट्स का आप सच में इस्तेमाल करते हैं, वे सबसे अच्छा परफ़ॉर्म करते हैं, क्योंकि फ़ॉलोअर्स को असली सिफ़ारिश और दिखावटी प्रमोशन के बीच का फ़र्क समझ में आता है। टेक, ब्यूटी, फ़ैशन, और होम गुड्स जैसी कैटेगरी में हाई-वैल्यू आइटम आमतौर पर अच्छे कमीशन रेट देती हैं।
इंस्टाग्राम एफिलिएट्स को पेमेंट कैसे मिलती है?
पेमेंट आपके एफिलिएट नेटवर्क या डायरेक्ट ब्रांड पार्टनरशिप पर निर्भर करती है। ज़्यादातर नेटवर्क एक न्यूनतम सीमा पूरी होने पर डायरेक्ट डिपॉज़िट, PayPal, या फिर चेक के ज़रिए पेमेंट करते हैं। डायरेक्ट ब्रांड पार्टनरशिप में कस्टम पेमेंट टर्म हो सकती हैं। कमीशन आमतौर पर हर सेल की एक प्रतिशत के तौर पर कैलकुलेट होती है, लेकिन कुछ प्रोग्राम फ़्लैट-रेट पेआउट भी देते हैं।
क्या इंस्टाग्राम पोस्ट में सीधे एफिलिएट लिंक डाले जा सकते हैं?
इंस्टाग्राम रेगुलर फ़ीड पोस्ट कैप्शन में क्लिकेबल लिंक सपोर्ट नहीं करता। एफिलिएट्स लिंक-इन-बायो टूल्स, Story (स्टोरी) लिंक स्टिकर, और इंस्टाग्राम Shop (शॉप) के ज़रिए प्रोडक्ट टैग का इस्तेमाल करते हैं। कैप्शन में "link in bio" (लिंक इन बायो) लिख देने से फ़ॉलोअर्स आपकी प्रोफ़ाइल पर चले जाते हैं, जहाँ से वे एफिलिएट लिंक को एक्सेस कर सकते हैं।
इंस्टाग्राम एफिलिएट्स को आमतौर पर कितनी कमीशन मिलता है?
कमीशन रेट इंडस्ट्री और एफिलिएट प्रोग्राम के हिसाब से अलग-अलग होते हैं। ब्रांड, प्रोडक्ट कैटेगरी, और क्रिएटर के तौर पर आपकी बारगेनिंग पर रेट निर्भर करते हैं। डायरेक्ट ब्रांड पार्टनरशिप में एंगेज्ड ऑडियंस वाले हाई-परफ़ॉर्मिंग क्रिएटर्स को अक्सर ज़्यादा रेट मिलते हैं।
इस बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर अंग्रेज़ी सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।

