कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक्स में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
अपना खुद का ईकॉमर्स बिज़नेस शुरू करना मुश्किल लग सकता है, लेकिन ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस मॉडल के तहत इन्वेंटरी मैनेजमेंट और ऑर्डर फुलफिलमेंट जैसी जटिल लॉजिस्टिक्स की चिंता किए बिना आप अपना ऑनलाइन स्टोर शुरू कर सकते हैं।
कई ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस अपने प्रॉफिट मार्जिन कमाने के लिए स्किन केयर प्रोडक्ट्स और डॉग टॉयज़ जैसी छोटी-छोटी चीज़ें बड़ी मात्रा में बेचते हैं, लेकिन कुछ बिज़नेस फर्नीचर और आउटडोर गियर जैसी महंगी चीज़ों पर फोकस करते हैं। हालांकि हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस में जोखिम थोड़ा ज़्यादा होता है, लेकिन यह एंटरप्रेन्योर्स के लिए अनूठे मौका भी लाता है।
आइए देखते हैं कि आप अपना खुद का हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस कैसे शुरू कर सकते हैं।
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग क्या होती है?
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग एक ऐसा बिज़नेस मॉडल होता है, जिसमें ईकॉमर्स मर्चेंट ग्राहकों को महंगी प्रोडक्ट्स बेचते हैं। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इन ऑर्डर्स की फुलफिलमेंट प्रक्रिया की ज़िम्मेदारी एक थर्ड-पार्टी सप्लायर की होती है।
ग्राहकों द्वारा चुकाए जाने वाले रिटेल प्राइस और प्रोडक्ट्स की खरीद, स्टोरेज, और शिपिंग के लिए मर्चेंट सप्लायर को अदा की जाने वाली रकम के बीच के फर्क से ही ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस मॉडल से बिज़नेस ओनर की कमाई होती है। उदाहरण के लिए, एक हाई टिकट ड्रॉपशिपर एक सोफे को ₹50,000 में बेच सकता है। अगर उसी सोफ़े के लिए वह सप्लायर को ₹40,000 देता है, तो उस बिक्री पर उसे लगभग 20% का प्रॉफिट मार्जिन मिलता है।
जहां लो टिकट ड्रॉपशिपिंग में ₹1,000 से ₹8,000 की कीमत वाली प्रोडक्ट्स बेची जाती हैं, वहीं हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग ₹15,000 से लेकर लाखों तक की ऊंची कीमत वाली प्रोडक्ट्स पर फोकस करती है। लो-टिकट ड्रॉपशिपिंग में मर्चेंट को पैसा कमाने के लिए बड़ी मात्रा में बिक्री करनी पड़ती है, जबकि हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस कम प्रोडक्ट्स बेचकर भी ऊंची कीमत पर अच्छी कमाई कर सकते हैं।
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग में कम प्रतिस्पर्धा और ज़्यादा प्रॉफिट मार्जिन तो हो सकता है, लेकिन इसमें जोखिम भी ज़्यादा होते हैं। इस तरह की ड्रॉपशिपिंग कंपनी को कस्टमर सर्विस, इंश्योरेंस, और मार्केटिंग में ज़्यादा शुरुआती निवेश करना पड़ता है। वह इसलिए क्योंकि महंगी प्रोडक्ट्स खरीदने के लिए हाई टिकट ग्राहकों को प्रोडक्ट की क्वालिटी और ब्रांड पर भरोसा भी होना चाहिए।
इस बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग प्रोडक्ट्स
मार्केट में कई ड्रॉपशिपिंग प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं, लेकिन आज हम बात करेंगे कुछ लोकप्रिय हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग आइटम्स के बारे में।
ज्वेलरी
ईकॉमर्स व्यापारी इन हाई टिकट ज्वेलरी प्रोडक्ट्स को उनके मटेरियल्स की क्वालिटी, कारीगरी, और खास मौकों से जुड़ी भावनात्मक एहमियत के आधार पर ऊँचे दामों पर बेचते हैं। सगाई, शादी, सालगिरह, और तीज-त्योहार जैसे मौकों पर ज्वेलरी की मांग अक्सर बढ़ जाती है। हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग के लिए यही बात इसे एक आकर्षक कैटेगरी बनाती है। ज्वेलरी इंडस्ट्री दुनिया भर में एक बड़ा और फलता-फूलता बाजार है। हाई टिकट ज्वेलरी प्रोडक्ट्स के कुछ उदाहरण हैं:
- अंगूठियां
- घड़ियां
- हार
- बालियां
- कंगन
आउटडोर उपकरण
ईकॉमर्स मर्चेंट आउटडोर उपकरणों को ऊंचे दामों पर बेच सकते हैं क्योंकि इन प्रोडक्ट्स में महंगे मटेरियल और जटिल डिज़ाइन की ज़रूरत होती है। आउटडोर उपकरणों का बाज़ार लगातार बढ़ रहा है और ग्राहक इन हाई टिकट आउटडोर प्रोडक्ट्स को प्रीमियम कीमत पर खरीदते रहते हैं। इन प्रोडक्ट्स के कुछ उदाहरण हैं:
- टेंट
- कयाक
- बैकपैक
- स्की
- स्लीपिंग बैग
फर्नीचर
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग करने वाले विक्रेता प्रीमियम फर्नीचर बेचने पर भी विचार कर सकते हैं। घरों, दफ्तरों, और व्यावसायिक जगहों के लिए हाई क्वालिटी फर्नीचर की मांग लगातार बनी रहती है। ऐसे में, यह एक लोकप्रिय और लाभदायक कैटेगरी बनकर उभरी है। खासतौर पर लिविंग रूम, डाइनिंग रूम, और बेडरूम फर्नीचर अक्सर ग्राहकों द्वारा बड़े निवेश के रूप में खरीदे जाते हैं। इसके चलते प्रति बिक्री ज़्यादा मुनाफ़ा कमाने की संभावना बढ़ जाती है। इस कैटेगरी में हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग स्टोर इन प्रोडक्ट्स के बार में सोच सकते हैं:
- सोफे
- ऑफिस चेयर
- लैंप
- डाइनिंग सेट
- पैटियो फर्नीचर
इलेक्ट्रॉनिक्स
जैसे-जैसे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स रोजमर्रा की ज़िंदगी का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं, वैसे-वैसे उनकी मांग भी लगातार बढ़ रही है। स्मार्ट होम डिवाइसेज़, एंटरटेनमेंट सिस्टम, कंप्यूटर एक्सेसरीज़, और अन्य प्रीमियम इलेक्ट्रॉनिक्स अक्सर ऊँचे दामों पर बेचे जाते हैं। इसी वजह से हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग के लिए यह एक आकर्षक कैटेगरी है। इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री में आप इन हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग प्रोडक्ट्स के बारे में विचार कर सकते हैं:
- स्पीकर
- स्मार्टफोन
- कैमरे
- ड्रोन
- कंप्यूटर
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग कैसे शुरू करें
- प्रतिस्पर्धी रिसर्च करें
- ड्रॉपशिपिंग सप्लायर चुनें
- अपना ईकॉमर्स स्टोर सेट-अप करें
- अपनी हाई टिकट प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग और बिक्री करें
ड्रॉपशिपिंग कैसे शुरू करें, यह सीखने में समय और मेहनत तो लगते हैं, लेकिन अपनी हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग कंपनी शुरू करते समय कुछ आम स्टेप्स को अपनाना ज़रूरी होता है।
1. प्रतिस्पर्धी रिसर्च करें
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग शुरू करने से पहले, मार्केट रिसर्च करके ऐसे हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग नीश खोजें, जहां प्रतिस्पर्धा कम हो और ऑनलाइन सर्च बढ़ रही हो। ट्रेंडिंग प्रोडक्ट्स खोजकर बाज़ार की मांग का आकलन करने में सप्लायर नेटवर्क आपके काम आ सकते हैं। सही हाई-टिकट प्रोडक्ट्स चुनने के बाद अपने प्रतिस्पर्धियों की रिसर्च करें। ऐसा करके आपको यह पता चल जाएगा कि अन्य हाई टिकट स्टोर उन आइटम्स को किन दामों पर पर बेच रहे हैं, आपको कितना प्रॉफिट मार्जिन मिल सकता है, और आपकी प्रोडक्ट्स और ब्रांड अन्य विक्रेताओं से कैसे अलग दिख सकते हैं।
2. ड्रॉपशिपिंग सप्लायर चुनें
यह तय करने पर कि आपको कौन-से हाई टिकट प्रोडक्ट्स बेचने हैं, भरोसेमंद सप्लायर खोजने पर ध्यान दें। क्वालिटी प्रोडक्ट्स में इन सप्लायर्स की विशेषज्ञता होनी चाहिए। Shopify Collective (शॉपिफाई कलेक्टिव) हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग के लिए एक बेहतरीन स्टार्टिंग पॉइंट है। वह इसलिए क्योंकि यह आपको वेरिफाइड Shopify (शॉपिफाई) ब्रांड्स से जोड़ता है। पारदर्शी प्राइसिंग और विश्वसनीय फुलफिलमेंट के साथ ये ब्रांड आपको प्रीमियम प्रोडक्ट्स भी देते हैं।
आप ड्रॉपशिपिंग ऐप्स भी एक्सप्लोर कर सकते हैं। ये ऐप्स आपके स्टोर को क्वालिटी सप्लायर्स से जोड़ती हैं। Syncee (सिंसी) 12,000 से ज़्यादा वैश्विक ब्रांड्स का एक्सेस देता है। दुनियाभर में हाई टिकट आइटम्स सोर्स करने में यह फ़ीचर आपके बहुत काम आता है।
सप्लायर्स का मूल्यांकन करते समय प्राइसिंग, शिपिंग लागत, और डिलीवरी अवधि की तुलना करके ज़रूर देख लें। ऐसे सप्लायर्स पर ध्यान दें, जो अपनी प्रोडक्ट क्वालिटी और विश्वसनीय फुलफिलमेंट के लिए जाने जाते हों। आखिर हाई टिकट ग्राहकों की संतुष्टि के लिए आपको इन्हीं बातों का तो ध्यान रखना होगा।
3. अपना ईकॉमर्स स्टोर सेट-अप करें
आपके हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस को ग्राहकों को सीधे प्रोडक्ट्स बेचने के लिए अब एक ऑनलाइन स्टोर की ज़रूरत है। Shopify (शॉपिफाई) जैसा भरोसेमंद ईकॉमर्स प्लेटफॉर्म चुनें, जो कस्टमाइज़ेबल थीम्स के साथ ड्रॉपशिपिंग स्टोर डिज़ाइन करने के लिए यूज़र-फ्रेंडली टूल्स भी देता है।
एक सफल ऑनलाइन स्टोर बनाने के लिए आपको इन ज़रूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए:
- हाई क्वालिटी प्रोडक्ट फोटोज़
- एक कमाल की प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन
- एक ऑप्टिमाइज़्ड चेकआउट
4. अपनी हाई टिकट प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग और बिक्री करें
कम दाम वाली प्रोडक्ट्स बेचने वाले बिज़नेस अक्सर बिना सोचे-समझे खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर ज़्यादा निर्भर रहते हैं। दूसरी तरफ़, ऊंचे दाम वाली प्रीमियम प्रोडक्ट्स बेचने वाले ईकॉमर्स व्यापारी उन ग्राहकों को टार्गेट करते हैं, जो खरीदारी से पहले अलग-अलग विकल्पों की तुलना करते हैं, जानकारी जुटाते हैं, और सोच-समझकर फैसला लेते हैं।
SEO (एसईओ, या सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन) और ईमेल मार्केटिंग जैसी इनबाउंड मार्केटिंग रणनीतियों को लागू करके एक हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग बिज़नेस ट्रैफिक जेनरेट कर सकता है। इस तरह, ज़्यादा खरीदारी का इरादा रखने वाले संभावित ग्राहकों को अपने ऑनलाइन स्टोर की ओर आकर्षित किया जा सकता है। यह देखने के लिए कि कौन-सी प्रोडक्ट्स आपके बिज़नेस के लिए सबसे बढ़िया रहेंगी, लो टिकट और हाई टिकट, दोनों तरह की आइटम्स बेचने के बारे में सोचकर देख लें।
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग प्रोडक्ट्स कैसे चुनें
- प्राइस रेंज
- उपलब्धता
- मांग
Collective (कलेक्टिव) जैसे सप्लायर नेटवर्क और ड्रॉपशिपिंग ऐप्स के ज़रिए सही हाई टिकट प्रोडक्ट्स खोजते समय कुछ ज़रूरी बातों का ध्यान रखना ज़रूरी होता है:
प्राइस रेंज
सही प्राइस रेंज में हाई टिकट प्रोडक्ट्स खोजें। शुरुआत के लिए लगभग ₹15,000 से ₹85,000 की कीमत वाली प्रोडक्ट्स पर ध्यान देना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। ऐसी महंगी प्रोडक्ट्स से बचें, जिनके कई सस्ते विकल्प आसानी से उपलब्ध होते हैं। उदाहरण के लिए, एक प्रीमियम लग्ज़री सोफ़े को आमतौर पर कम कीमत वाले विकल्पों से उतनी प्रतिस्पर्धा का सामना नहीं करना पड़ता, जितना कि एक साधारण फ्यूटन या बेसिक सोफ़े को।
एक काम का नियम यह है कि जिस तरह की प्रोडक्ट बेचने पर आप विचार कर रहे हैं, उसके लिए ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइटों पर उपलब्ध ज़्यादातर विकल्प ऊंचे दामों वाले होने चाहिए। अगर उस कैटेगरी में बड़ी संख्या में प्रोडक्ट्स प्रीमियम प्राइस केटेगरी में आती हैं, तो वह हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग के लिए बेहतर मौका हो सकती है।
उपलब्धता
कम कीमत वाली प्रोडक्ट्स बेचने वाले व्यापारियों को अक्सर ऐसे प्रतिस्पर्धी बाजार का सामना करना पड़ता है, जहाँ कई कंपनियाँ एक जैसी प्रोडक्ट्स बड़ी मात्रा में बेच रही होती हैं। उदाहरण के लिए, नोटबुक, स्टेपलर, और अन्य सामान्य ऑफिस सप्लाइज़ जैसी प्रोडक्ट्स में प्रतिस्पर्धा काफी ज़्यादा हो सकती है। इसके विपरीत, हाई टिकट प्रोडक्ट्स बेचने वाले ईकॉमर्स व्यवसाय आमतौर पर ऐसी नीश कैटेगरीज़ की तलाश करते हैं, जहाँ प्रतिस्पर्धा अपेक्षाकृत कम हो और अपनी प्रोडक्ट्स को अलग पहचान देना आसान हो।
जिन हाई-टिकट प्रोडक्ट्स को आप बेचना चाहते हैं, उनके लिए कई संभावित सप्लायर्स की पहचान करें। सिर्फ़ एक ही सप्लायर पर निर्भर रहने से जोखिम बढ़ जाता है। अगर वह सप्लायर अपना कारोबार बंद कर दे या फिर किसी प्रोडक्ट की सप्लाई ही बंद कर दे, तो आपके बिज़नेस पर सीधा असर पड़ सकता है।
मांग
ऐसी हाई टिकट नीश की तलाश करें, जिसमें ग्राहकों की मांग लगातार बढ़ रही हो। सही ड्रॉपशिपिंग नीश खोजने में समय तो लग सकता है, लेकिन मांग वाली प्रोडक्ट्स की पहचान करना आपके हाई टिकट स्टोर की सफलता के लिए बेहद ज़रूरी होता है। मांग का आकलन करने के लिए ऑनलाइन मार्केटप्लेस की रिसर्च करके Meta Audience Insights (मेटा ऑडियंस इनसाइट्स) और Google Trends (गूगल ट्रेंड्स) जैसे टूल्स के ज़रिए यह पता लगाएँ कि ग्राहक ऑनलाइन किस तरह की प्रोडक्ट्स की तलाश कर रहे हैं।
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
क्या हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग फ़ायदे का सौदा होती है?
सही प्रोडक्ट्स, एक बेहतरीन ऑनलाइन स्टोर, और एक स्मार्ट डिजिटल मार्केटिंग कैंपेन के साथ हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग आपके लिए फ़ायदे का सौदा साबित हो सकती है। स्पीकर और घड़ियों जैसी हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग आइटम्स ईकॉमर्स मर्चेंट को प्रोडक्ट्स के स्टोरेज और शिपिंग लॉजिस्टिक्स के झंझट के बिना अच्छा प्रॉफिट मार्जिन दिला सकती हैं।
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग के जोखिम क्या हैं?
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग की अपनी चुनौतियां और जोखिम होते हैं। क्वालिटी कंट्रोल, प्रीमियम कस्टमर सर्विस, और ट्रांज़िट में महंगी आइटम्स के खोने या क्षतिग्रस्त होने से बचाव के लिए इंश्योरेंस इनके कुछ उदाहरण हैं।
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग नीश कैसे चुनें?
हाई टिकट ड्रॉपशिपिंग नीश खोजते समय, ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर कुछ खास प्रोडक्ट्स की मांग की रिसर्च कर लें। साथ ही, यह भी देख लें कि कम प्रतिस्पर्धा वाली हाई टिकट प्रोडक्ट्स के लिए कौन-कौनसी सर्च टर्म्स इस्तेमाल की जा रही हैं।
इस बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।

