कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक्स में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
दुनिया के सबसे बड़े सोशल मीडिया विज्ञापन प्लेटफ़ॉर्म के तौर पर फेसबुक संभावित ग्राहकों तक पहुँचने का एक अनूठा मौका देता है। यह डिजिटल मार्केटिंग की बुनियाद है, इसलिए छोटे बिज़नेस से लेकर वैश्विक ब्रांड तक, सभी एक ही तरह के यूज़र्स का ध्यान खींचने की कोशिश करते हैं।
फेसबुक ऑडियंस की मांग जितनी बढ़ती है, विज्ञापन लागत भी उतनी ही ऊपर चली जाती है। इसके चलते फेसबुक से कमाई करना उतना ही मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सवाल है कि प्रतिस्पर्धा से आगे निकलकर अपने सही ग्राहकों तक पहुँचने के लिए आपको कितना खर्च करना चाहिए?
नीचे नवंबर 2025 तक के आँकड़े दिए गए हैं, जिनसे पता चलता है कि औसतन बिज़नेस फेसबुक विज्ञापनों के लिए कितना बजट रखते हैं। साथ ही, नतीजों से समझौता किए बिना फेसबुक विज्ञापन लागत कम करने के कुछ तरीके भी सीखें।
अगर आपने फेसबुक पर विज्ञापन डालना हाल ही में शुरू किया है, तो इस बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
फेसबुक विज्ञापनों की लागत कितनी होती है?
विज्ञापनदाताओं से फेसबुक दो मेट्रिक्स के आधार पर शुल्क लेता है: कॉस्ट पर क्लिक (CPC) और कॉस्ट पर मिल (CPM), यानी 1,000 इम्प्रेशन की लागत।
- फेसबुक विज्ञापनों की लागत लगभग $0.87 प्रति क्लिक होती है।
- फेसबुक विज्ञापनों की लागत लगभग $16.06 प्रति 1,000 इम्प्रेशन होती है।
औसत फेसबुक विज्ञापन लागत: CPC
नवंबर 2025 में फेसबुक विज्ञापनों का औसत CPC $0.87 था। इसका मतलब है कि औसतन फेसबुक पर विज्ञापन चलाना इंस्टाग्राम या गूगल ऐड्स जैसे दूसरे प्लेटफ़ॉर्म की तुलना में सस्ता पड़ता है।
फेसबुक विज्ञापन नीलामी जीतने की लागत पर सीज़न और प्रतिस्पर्धा का बड़ा असर पड़ता है। साइट का औसत CPC एक उपयोगी अनुमान तो दे देता है, लेकिन ज़्यादा सटीक अनुमान के लिए अपने कैम्पेन के समय, प्रकार, और लक्ष्य पर भी गौर करें।
औसत फेसबुक विज्ञापन लागत: CPM
नवंबर 2025 में फेसबुक विज्ञापनों का औसत CPM $16.06 था।
कई ऑनलाइन स्टोर फेसबुक के तीन अरब मासिक सक्रिय यूज़र्स के बीच अपने ब्रांड की जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। अगर आपका लक्ष्य पहुँच और ब्रांड जागरूकता बढ़ाना है, तो इम्प्रेशन की लागत पर ध्यान दें। इसे कॉस्ट पर मिल कहा जाता है, यानी 1,000 फेसबुक यूज़र्स को अपना विज्ञापन दिखाने की लागत।
फेसबुक विज्ञापन की औसत लागत: CPL
CPC और CPM के आधार पर विज्ञापनदाता भुगतान करते हैं। वहीं, कॉस्ट पर लीड (CPL) जैसे दूसरे मेट्रिक्स फेसबुक विज्ञापन कैंपेन की व्यापक उपयोगिता समझने में आपकी मदद करते हैं। नवंबर 2025 में फेसबुक विज्ञापनों का औसत CPL $18.75 था।
कई ब्रांड फेसबुक का इस्तेमाल ईमेल लीड्स जुटाने के लिए करते हैं, यानी ऐसे संभावित ग्राहक जो ईमेल के ज़रिए न्यूज़लेटर, ऑफ़र, और दूसरी जानकारी पाने के लिए सहमत हों।
विज्ञापन इम्प्रेशन का असर कुछ ही देर के लिए रहता है, जबकि ईमेल सब्सक्राइबर ज़्यादा स्थायी और संभावित रूप से ज़्यादा लाभदायक ऑडियंस होते हैं। फेसबुक विज्ञापनों के ज़रिए ईमेल लिस्ट बनाने पर आप बार-बार विज्ञापन का खर्च उठाए बिना अपनी ऑडियंस से लगातार संपर्क में रहते हैं।
मेटा के पास ऐसे कई टूल हैं, जो फेसबुक ऑडियंस टार्गेटिंग को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। डेमोग्राफ़िक डेटा से आप अपनी ऑडियंस का दायरा सीमित कर सकते हैं या फिर मौजूदा ग्राहकों के आधार पर लुकअलाइक ऑडियंस तक पहुँच बढ़ा सकते हैं।
सब्सक्राइब करने की सबसे ज़्यादा संभावना वाले लोगों को टार्गेट करके आप अपने विज्ञापनों का कन्वर्ज़न रेट बढ़ा सकते हैं और CPL घटा सकते हैं। कम कॉस्ट पर लीड मिलने से आप कम लगातार निवेश में अपने ग्राहक आधार के साथ लंबे समय तक संबंध बनाए रख सकते हैं।
फेसबुक विज्ञापन लागत को प्रभावित करने वाले 8 कारक
फेसबुक विज्ञापन की कीमत यूं ही तय नहीं हो जाती। कई फ़ैक्टर्स मिलकर हर विज्ञापन के आखिरी कॉस्ट पर क्लिक या इम्प्रेशन का फ़ैसला करते हैं:
1. बिडिंग रणनीति
आपकी चुनी हुई विज्ञापन रणनीति फेसबुक विज्ञापन की कीमत को प्रभावित करती है। विज्ञापन के बजट या लक्ष्य के आधार पर आप भुगतान का तरीका चुन सकते हैं:
- खर्च-आधारित बिडिंग रणनीति: इसमें एक तय बजट के भीतर फेसबुक अधिकतम नतीजे लाने की कोशिश करता है। इसके लिए वह या तो कन्वर्ज़न की औसत लागत और कॉस्ट पर एक्शन (CPA) को कम रखता है या फिर कम संख्या में ज़्यादा वैल्यू वाले कन्वर्ज़न को टार्गेट करता है।
- लक्ष्य-आधारित बिडिंग रणनीति: इसमें फेसबुक एक तय कन्वर्ज़न लक्ष्य हासिल करने की कोशिश करता है और उसी हिसाब से विज्ञापन खर्च बाँटता है। फिर भी आप कुल खर्च की अधिकतम सीमा तय कर सकते हैं या उसे पहले से तय रेंज के भीतर रख सकते हैं।
आप चाहें तो फेसबुक के डायनेमिक विज्ञापन बिडिंग एल्गोरिदम को छोड़कर मैन्युअल बिड भी सेट कर सकते हैं।
अगर आपको फेसबुक विज्ञापनों पर ज़्यादा खर्च होने की चिंता है, तो आप अपने अभियानों के लिए बिड कैप सेट कर सकते हैं। अगर आप ग्राहक की वैल्यू का अनुमान लगा सकते हैं, तो बिड कैप आपको ग्राहक की संभावित वैल्यू से ज़्यादा खर्च करने से रोकता है।
2. विज्ञापन की गुणवत्ता और प्रासंगिकता
आपके विज्ञापन आपकी ऑडियंस के लिए कितने प्रासंगिक हैं, इसका सीधा असर इस बात पर पड़ता है कि आप कितना भुगतान करेंगे। मेटा उन विज्ञापनों को प्राथमिकता देता है, जो उसके यूज़र्स के लिए उपयोगी हों, ताकि ब्राउज़िंग अनुभव बेहतर रहे। प्रासंगिक विज्ञापन आमतौर पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं, इसलिए वे ज़्यादा किफ़ायती भी होते हैं।
मेटा का ऐड रिलिवेंस डायग्नॉस्टिक्स टूल, जिसे पहले रिलिवेंस स्कोर कहा जाता था, यह दिखा सकता है कि आपके विज्ञापन आपकी टार्गेट ऑडियंस के लिए कितने उपयोगी हैं। विज्ञापन नीलामी में आपके विज्ञापन की ऐतिहासिक रैंकिंग का यह टूल तीन श्रेणियों में आकलन करता है:
- क्वालिटी: यूज़र व्यवहार डेटा और विज्ञापन सामग्री के आधार पर मेटा विज्ञापन की क्वालिटी का आकलन करता है। उदाहरण के लिए, यूज़र विज्ञापन छिपाते हैं या नहीं, या फिर उसमें सनसनीखेज भाषा या क्लिकबेट का इस्तेमाल हुआ है या नहीं।
- एंगेजमेंट: इसका मतलब है कि प्रतिस्पर्धी विज्ञापनों की तुलना में आपके विज्ञापन पर कितनी बार क्लिक, कमेंट, और शेयर किया गया है, या फिर उसे एक्सपैंड करके देखा गया है।
- कन्वर्ज़न: यह इस संभावना को दर्शाता है कि आपका विज्ञापन देखने वाला यूज़र आपका तय लक्ष्य पूरा करेगा या नहीं।
डायग्नॉस्टिक्स का इस्तेमाल करके कमज़ोर प्रदर्शन वाले विज्ञापनों की समस्या को बेहतर ढंग से समझें। इससे पता चल सकता है कि समस्या आपके क्रिएटिव एसेट्स में है, पोस्ट-क्लिक अनुभव में, या फिर ऑडियंस टार्गेटिंग में।
3. ऑडियंस
आप जिस ऑडियंस को टार्गेट करते हैं, उसका आपकी फेसबुक विज्ञापन लागत पर काफ़ी असर पड़ता है। उम्र, स्थान, और रुचियों जैसे फ़ैक्टर्स लागत को बढ़ा या घटा सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी बड़े और घनी आबादी वाले शहर या भारी मांग वाले डेमोग्राफ़िक समूह को टार्गेट करने में ज़्यादा खर्च आ सकता है।
ऑडियंस बनाने के आमतौर पर दो तरीके होते हैं:
- विशिष्ट या कस्टम ऑडियंस: इनमें दिए गए डेटा के आधार पर उन लोगों को टार्गेट किया जाता है, जो पहले से आपके बिज़नेस को जानते हैं या उसमें दिलचस्पी लेने की संभावना रखते हैं।
- ब्रॉड ऑडियंस: इसमें फेसबुक द्वारा पहचाने गए यूज़र्स शामिल होते हैं और संभावित ग्राहकों का दायरा ज़्यादा बड़ा हो सकता है।
ध्यान रखें कि छोटी ऑडियंस को टार्गेट करने पर प्रति क्लिक लागत बढ़ सकती है। लेकिन अगर उससे कन्वर्ज़न रेट बेहतर होती है, तो कुल मिलाकर यह आपके लिए ज़्यादा फ़ायदे का सौदा हो सकता है। आपकी शुरुआती ऑडियंस चाहे जो भी हो, समय के साथ मेटा यह समझता है कि आपके विज्ञापन के साथ कौन लोग सबसे ज़्यादा जुड़ रहे हैं। इसके बाद, उसी आधार पर वह सही लोगों तक पहुँच बढ़ा देता है।
विज्ञापन कैंपेन और ऑडियंस के बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
4. विज्ञापन फ़ॉर्मैट और प्लेसमेंट
ऐड प्लेसमेंट का मतलब है कि आपके विज्ञापन फेसबुक और मेटा के पूरे इकोसिस्टम में कहाँ दिखाई देते हैं। इसमें इंस्टाग्राम, मैसेंजर, और ऑडियंस नेटवर्क पर दिखाए जाने वाले विज्ञापन शामिल हैं। विज्ञापन के न्यूज़ फ़ीड या दाईं ओर के कॉलम में दिखाई देने के आधार पर आपको अलग-अलग रकम देनी पड़ सकती है।
उपलब्ध प्लेसमेंट आपके फेसबुक विज्ञापन अभियान के लक्ष्य पर निर्भर करते हैं। उदाहरण के लिए, जागरूकता या वेबसाइट ट्रैफ़िक अभियान अलग-अलग आकारों और फ़ॉर्मैट में तैयार किए जा सकते हैं। इनमें फेसबुक, मार्केटप्लेस, और इंस्टाग्राम पर सिंगल इमेज, वीडियो, कैरोसेल, या कलेक्शन विज्ञापन शामिल हैं।
फेसबुक विज्ञापन का औसत कॉस्ट पर रिज़ल्ट कम करने के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक, दोनों पर विज्ञापन चलाने की सलाह देता है। आप फेसबुक को अपनी विज्ञापन प्लेसमेंट ऑप्टिमाइज़ करने दे सकते हैं या फिर खुद चुन सकते हैं कि आपके विज्ञापन कहाँ दिखाई देंगे।
5. विज्ञापन फ़्रीक्वेंसी
फेसबुक अपने यूज़र्स का अनुभव नया और दिलचस्प बनाए रखना चाहता है। एक ही विज्ञापन को बार-बार देखने वाले लोगों, खासतौर पर विज्ञापन देखकर उससे एंगेज न करने वाले लोगों, को ऐसा अनुभव नहीं मिलता।
मार्केटिंग एजेंसी Thrive के सीनियर रेप्युटेशन मैनेजर टिम क्लार्क कहते हैं, “जब आपका विज्ञापन कुछ समय तक चलता है, तो वही लोग उसे बार-बार देखने लगते हैं। इसलिए अगर आपकी फ़्रीक्वेंसी एक के करीब रहे, तो आप देखेंगे कि आपकी विज्ञापन लागत कम हो सकती है।”
विज्ञापन की थकान से बचने के लिए ऐड्स मैनेजर में फ़्रीक्वेंसी कैप सेट कर दें। इससे यह सीमा तय हो जाती है कि एक ही ऑडियंस को आपका विज्ञापन कितनी बार दिखाई देगा। तय संख्या पूरी होने पर आपका विज्ञापन दिखना बंद हो जाता है, जिससे लागत कम हो सकती है।
6. विज्ञापन अवधि
फेसबुक के एल्गोरिदम को आपके कैंपेन समझने में थोड़ा समय लगता है, खासकर अगर आप अपना पहला विज्ञापन चला रहे हों। इस लर्निंग फेज़ में मेटा सबसे बेहतर परफ़ॉर्मेंस देने वाले प्लेसमेंट, ऑडियंस, और बिडिंग रणनीतियों को टेस्ट करके उनकी पहचान करता है।
आमतौर पर किसी विज्ञापन सेट में आखिरी बड़ा बदलाव किए जाने के बाद वाले हफ़्ते में लगभग 50 ऑप्टिमाइज़ेशन इवेंट पूरे होने पर वह लर्निंग फेज़ से बाहर आ जाता है। मुमकिन हो तो बार-बार बदलाव करने से बचें। अगर बड़े बदलाव करने हों, तो नया ऐड सेट बनाना बेहतर होता है।
अनिश्चित अवधि तक चलने वाले कैंपेन चलाने से विज्ञापन थकान और मौसमी लागत बदलने का जोखिम भी बढ़ सकता है। उदाहरण के लिए, ब्लैक फ़्राइडे से साइबर मंडे तक ज़्यादा कम्पटीशन वाले दिनों में विज्ञापन चलाने पर कैंपेन की कुल लागत बढ़ सकती है, क्योंकि पीक सेल्स अवधि में इम्प्रैशन के लिए ज़्यादा विज्ञापनदाता प्रतिस्पर्धा करते हैं।
7. साल का समय
साल के कुछ खास समय में फेसबुक विज्ञापन लागत बढ़ जाती है। आमतौर पर साल के आखिरी महीनों में फेसबुक विज्ञापनों की कीमत तेज़ी से बढ़ती है। ब्लैक फ़्राइडे और त्यौहार के दौरान खरीदारी करने वाले ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ज़्यादा विज्ञापनदाता प्लेटफ़ॉर्म पर आते हैं, जिससे विज्ञापन नीलामी में प्रतिस्पर्धा बढ़ जाती है।
8. प्रदर्शन लक्ष्य
आपकी विज्ञापन लागत आपके चुने हुए प्रदर्शन लक्ष्य पर निर्भर करेगी। यही वह परिणाम होता है, जिसके लिए विज्ञापन नीलामी में फेसबुक आपकी ओर से बोली लगाता है। चाहे आपका लक्ष्य ब्रांड जागरूकता बढ़ाना हो, ऐप इंस्टॉल हासिल करना हो, या फिर वेबसाइट पर ट्रैफ़िक लाना हो, हर लक्ष्य की अपनी अलग लागत होती है।
आप कई प्रदर्शन लक्ष्यों में से चुन सकते हैं, जिनमें शामिल है:
- विज्ञापन पहुँच
- इम्प्रेशन
- लैंडिंग पेज व्यू
- लिंक क्लिक
- लगातार दो सेकंड के वीडियो व्यू
- लीड्स
उपलब्ध प्रदर्शन लक्ष्य आपके विज्ञापन अभियान के व्यापक उद्देश्य पर निर्भर करते हैं।
कुछ ऑप्टिमाइज़ेशन इवेंट दूसरों की तुलना में ज़्यादा महँगे होते हैं। उदाहरण के लिए, एक कन्वर्ज़न की लागत लैंडिंग पेज व्यू से ज़्यादा हो सकती है। विज्ञापन बजट और बिडिंग रणनीति तय करते समय अपने चुने हुए ऑप्टिमाइज़ेशन इवेंट की लागत ध्यान में रखकर यह सुनिश्चित करें कि आपका बजट उसे पूरा करने के लिए पर्याप्त है।
फेसबुक विज्ञापन लागत कैसे कम करें
- सही अभियान उद्देश्य और लक्ष्य चुनें
- सीमित ऑडियंस टार्गेटिंग का इस्तेमाल करें
- कुछ ऑडियंस को बाहर रखने पर विचार करें
- रीटार्गेटिंग अभियान चलाएँ
- अपने अभियानों को प्रासंगिक बनाएँ
- विज्ञापन फ़्रीक्वेंसी पर नज़र रखें
- विज्ञापन क्रिएटिव्स और प्लेसमेंट की A/B टेस्टिंग करें
- पोस्ट-क्लिक अनुभव पर ध्यान दें
जब फेसबुक विज्ञापनों से कमाई होने लगती है, तो मार्केटिंग बजट में बदलाव करने में हिचकिचाना स्वाभाविक है। आखिर आप अपने विज्ञापन की जगहें प्रतिस्पर्धियों के हाथ लगने देना नहीं चाहेंगे। अच्छी बात यह है कि मेटा ऐसे टूल और डेटा देता है, जिनकी मदद से आप विज्ञापनों पर आने वाली अपनी लागत को कम कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि इनका फ़ायदा कैसे उठाया जा सकता है।
1. सही अभियान उद्देश्य और लक्ष्य चुनें
विज्ञापन बनाते समय फेसबुक सबसे पहले आपसे अपने कैंपेन का उद्देश्य चुनने को कहता है। मेटा ऐड्स मैनेजर में आपके पास छह विकल्प उपलब्ध होते हैं:
- जागरूकता
- ट्रैफ़िक
- एंगेजमेंट
- लीड्स
- ऐप प्रमोशन
- सेल्स
आपका चुने हुए उद्देश्य को उस नतीजे को दिखाना चाहिए, जिसे आप प्लेटफ़ॉर्म पर विज्ञापन चलाकर हासिल करना चाहते हैं। इन उद्देश्यों और ऊपर बताए गए संबंधित प्रदर्शन लक्ष्यों को आज़माने से फेसबुक पर विज्ञापन चलाने की लागत पर असर पड़ता है।
एल्गोरिदम आपके उद्देश्य के मुताबिक सही यूज़र्स की पहचान करता है। उदाहरण के लिए, अगर आपका लक्ष्य सेल्स है, तो प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए पहले खरीदारी कर चुके यूज़र्स को आपका विज्ञापन दिखाए जाने की संभावना ज़्यादा होगी।
गलत अभियान उद्देश्य चुनने से लागत बढ़ सकती है। उदाहरण के लिए, अगर आपका असली लक्ष्य ब्रांड जागरूकता है लेकिन आप लीड जनरेशन चुन लेते हैं, तो आपका अभियान कम असरदार हो सकता है। गैरज़रूरी खर्च से बचने के लिए अपने विज्ञापन अभियान का स्पष्ट मार्केटिंग लक्ष्य तय कर लें।
2. सीमित ऑडियंस टार्गेटिंग का इस्तेमाल करें
फेसबुक का एल्गोरिदम बोली का हिसाब लगाते समय विज्ञापन की प्रासंगिकता को ध्यान में रखता है। आपकी टार्गेट ऑडियंस जितनी छोटी और प्रासंगिक होगी, विज्ञापन नीलामी जीतने की आपकी संभावना उतनी ही ज़्यादा होगी।
इसलिए सीमित ऑडियंस टार्गेटिंग ज़्यादा किफ़ायती हो सकती है। हाँ, सही ऑडियंस खोजने के लिए एक बड़ी और पहले से तय ऑडियंस से शुरुआत करना बेहतर होता है। इससे पता चल जाता है कि कौन सी ऑडियंस आपके कंटेंट पर सबसे अच्छी प्रतिक्रिया देती है।
कैलिपर मार्केटिंग के जॉश जुरेन्स कहते हैं, “शुरुआत में अपनी सोच से बड़ी ऑडियंस को टार्गेट करें। इससे फेसबुक को उन यूज़र्स को खोजने की थोड़ी ज़्यादा गुंजाइश मिल जाती है, जो आपकी मनचाही कार्रवाई करने की सबसे ज़्यादा संभावना रखते हैं। ऑडियंस को सीमित रखने पर लागत बढ़ सकती है और कन्वर्ज़न कम हो सकते हैं।”
मान लीजिए आपका ऑनलाइन बिज़नेस घरेलू कॉफ़ी मशीन बेचता है। इस कस्टम ऑडियंस के साथ आपको फेसबुक पर विज्ञापन चलाने की ज़्यादा लागत आएगी:
- महिला
- भारत में रहने वाली
- उम्र 18+
आपके बिक्री डेटा से पता चलता है कि आपके ज़्यादातर ग्राहक बेंगलुरु में रहते हैं। ग्राहक सर्वे के अनुसार वे आपकी कॉफ़ी मशीन इसलिए खरीदते हैं क्योंकि सुबह के सफ़र के दौरान उनके पास स्टारबक्स से कॉफ़ी लेने का समय नहीं होता।
इस जानकारी के आधार पर आप फेसबुक पर बिक्री के लिए अपनी टार्गेट ऑडियंस को सीमित करके उन लोगों तक पहुँच सकते हैं, जो:
- बेंगलुरु से 16 किलोमीटर के दायरे में रहते हों
- स्टारबक्स में दिलचस्पी रखते हों
- जिनकी सालाना आय 70 लाख रुपये से ज्यादा हो
पहले से तय बड़ी ऑडियंस से शुरुआत करके डेटा के आधार पर उसका दायरा सीमित करने से अपने विज्ञापन की प्रासंगिकता बढ़ाई जा सकती है। इससे आपका खर्च कम हो जाता है।
3. कुछ ऑडियंस को बाहर रखने पर विचार करें
आपकी टार्गेट ऑडियंस में शामिल हर व्यक्ति आदर्श ग्राहक नहीं होता। ऐसे लोगों तक विज्ञापन पहुँचाने में भी आपका पैसा खर्च हो सकता है, जिनका आपके विज्ञापन लक्ष्यों में कोई योगदान ही न हो।
उदाहरण के लिए, अगर आपका लक्ष्य ब्रांड जागरूकता बढ़ाना है और आप 1,000 नए लोगों तक पहुँचने के लिए औसत $16.06 CPM दे रहे हैं, तो इन लोगों को बाहर रखें:
- जो पहले से आपके फेसबुक पेज को लाइक करते हैं
- जो पिछले 28 दिनों में आपकी वेबसाइट पर आ चुके हैं
- जो पहले ही खरीदारी कर चुके हैं
मार्केटर ब्रूक्स मैनली कहते हैं, “कुछ ब्रांड्स को इस बात की चिंता रहती है कि कहीं उनसे संभावित ग्राहक छूट न जाएँ। लेकिन अगर कुछ डेमोग्राफ़िक्स या दिलचस्पियों से यह संकेत मिलता है कि कोई व्यक्ति आपकी प्रोडक्ट के लिए सही नहीं है, तो उसे जाने देने में ही आपकी भलाई है।”
4. रीटार्गेटिंग अभियान चलाएँ
मेटा पिक्सेल आपकी वेबसाइट विज़िटर्स का डेटा कलेक्ट करके उसे फेसबुक प्रोफ़ाइल से जोड़ देता है। उदाहरण के लिए, उन्होंने कौन-से पेज देखे, कौन-सी आइटम कार्ट में डाली, और साइट पर कितना समय बिताया। इस डेटा को वापस आपके कैंपेन में इस्तेमाल करके व्यक्तिगत रीटार्गेटिंग विज्ञापन चलाए जा सकते हैं, जिनका विज्ञापन खर्च पर रिटर्न (ROAS) आमतौर पर ज़्यादा होता है।
सोशल मीडिया मैनेजमेंट टूल सोशलबु के को-फ़ाउंडर उसामा एजाज़ कहते हैं, “मेरे अनुभव में रीमार्केटिंग विज्ञापन सबसे सस्ते साबित हुए हैं।”
“मान लीजिए आप अपनी वेबसाइट ब्लॉग के लिए साइन-अप कैंपेन चलाना चाहते हैं। इसे ऐसे रीमार्केटिंग विज्ञापन के साथ जोड़ दें, जो पहले विज्ञापन से आपके ब्लॉग पोस्ट पर आए विज़िटर्स को टार्गेट करे। इससे आपका काफ़ी पैसा बच सकता है।”
संभावित फेसबुक रीटार्गेटिंग विज्ञापनों में ये शामिल हो सकते हैं:
- छूटे हुई कार्ट के विज्ञापन: खरीदारों को वे प्रोडक्ट दिखाएँ, जो उन्होंने कार्ट में डाली थीं लेकिन खरीदी नहीं।
- लैंडिंग पेज विज्ञापन: किसी व्यक्ति ने आपकी वेबसाइट के जिस हिस्से को देखा, उसी के अनुसार उसे विज्ञापन दिखाएँ।
- हाल के विज़िटर विज्ञापन: अपने ब्रांड को याद दिलाते रहने के लिए हाल ही में आपकी साइट पर आए लोगों को फेसबुक विज्ञापन दिखाएँ।
5. अपने अभियानों को प्रासंगिक बनाएँ
जब आप किसी खास ऑडियंस को विज्ञापन दिखाते हैं, तो संभावित ग्राहकों के लिए विज्ञापन क्रिएटिव्स बनाना आसान हो जाता है।
रीटार्गेटिंग अभियान किसी व्यक्ति के आपके ब्रांड के साथ पिछले अनुभव पर आधारित हो सकते हैं, जैसे प्रोडक्ट पेज देखना। कस्टम ऑडियंस के लिए विज्ञापन बनाते समय ऑडियंस तय करने में इस्तेमाल किए गए डेटा, जैसे उनकी रुचियों और स्थान, का फ़ायदा उठाया जा सकता है।
आप खरीद के बाद किए गए सर्वे और पुराने विज्ञापन प्रदर्शन डेटा जैसे दूसरे स्रोतों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। क्या आपके ग्राहक वीडियो विज्ञापन पसंद करते हैं या इमेज कैरोसेल? इस जानकारी की मदद से ऐसी ऐड कॉपी तैयार करें, जो आपकी ऑडियंस की भाषा, अंदाज़, और ज़रूरतों से मेल खाती हो।
उदाहरण के लिए, हेल्थ-कॉन्शयस ग्राहकों के लिए सीरियल बनाने वाली कंपनी मैजिक स्पून अपनी प्रोडक्ट्स खरीदने वाले ग्राहकों से ऐसे स्नैक्स का वादा करती है, जो “स्वादिष्ट भी हों और आपके लिए बेहतर भी।”

6. विज्ञापन फ़्रीक्वेंसी पर नज़र रखें
सोशल मीडिया विज्ञापन के लिए ऑडियंस को बहुत सीमित करने का एक संभावित नुकसान यह होता है कि कैंपेन बार-बार एक जैसे लगने लगते हैं। किसी यूज़र की न्यूज़ फ़ीड में एक ही विज्ञापन कई बार दिखाई देने पर उसकी कन्वर्ज़न हासिल करने की क्षमता कम हो सकती है, भले ही वह कितना भी प्रासंगिक और टार्गेटेड क्यों न हो।
फेसबुक इम्प्रेशन्स को रीच से डिवाइड करके फ़्रीक्वेंसी का हिसाब लगाता है। जैसे ही आपका फ़्रीक्वेंसी स्कोर दो या तीन से ऊपर जाने लगे, कैंपेन को नई विज्ञापन कॉपी, इमेज, या वीडियो के साथ रिफ़्रेश करने पर विचार करें। हो सकता है कंटेंट को दिलचस्प बनाए रखने के लिए आपको पूरा क्रिएटिव बदलने की ज़रूरत ही न पड़े।
7. विज्ञापन क्रिएटिव्स और प्लेसमेंट की A/B टेस्टिंग करें
फेसबुक विज्ञापनों में विज्ञान और कला, दोनों की एहम भूमिका होती है।
कई तरह के फ़ैक्टर विज्ञापन परफ़ॉर्मेंस को प्रभावित करते हैं। इनमें आपके नियंत्रण से बाहर के सीज़नल फ़ैक्टर भी शामिल हैं। इसलिए सही क्रिएटिव या ऑडियंस चुनना मुश्किल हो सकता है। हाँ, A/B टेस्टिंग के ज़रिए आप अपने नतीजे और कॉस्ट एफ़िशिएंसी, दोनों में सुधार ला सकते हैं।
फेसबुक का A/B टेस्टिंग फ़ीचर विज्ञापनदाताओं को बेहतर परफ़ॉर्मेंस देने वाले कॉम्बिनेशन पहचानने में मदद करता है। इसलिए हर कैंपेन में नीचे दिए गए एलिमेंट्स को टेस्ट करके देखें कि आपकी फेसबुक विज्ञापन लागत पर उनका क्या असर पड़ता है:
- विज्ञापन क्रिएटिव्स: इमेज, वीडियो, या कैरोसेल में से कौन-सा फ़ॉर्मैट आपकी ऑडियंस को बेहतर ढंग से एंगेज करता है? लॉन्ग फ़ॉर्म कंटेंट बेहतर है या फिर शॉर्ट फ़ॉर्म? इन्फ्लुएंसर कंटेंट या फिर यूज़र-जेनरेटेड विज़ुअल?
- विज्ञापन फ़ॉर्मैट और प्लेसमेंट: न्यूज़ फ़ीड अक्सर विज्ञापनदाताओं की पहली पसंद होती है। फिर भी यह टेस्ट करके देख लें कि ऑडियंस नेटवर्क जैसी दूसरी जगहों पर आपके विज्ञापन ज़्यादा ध्यान आकर्षित कर पाते हैं या नहीं। अगर आपकी प्राथमिकता कम लागत पर क्लिक पाना है, तो इंस्टाग्राम स्टोरीज़ को भी आज़माकर देख लें।
8. पोस्ट-क्लिक अनुभव पर ध्यान दें
एक सफल फेसबुक विज्ञापन किसी भी बिज़नेस के लिए उपयोगी साबित होता है, लेकिन विज्ञापन पर क्लिक के बाद का अनुभव ही तय करता है कि वह क्लिक कन्वर्ज़न में बदलेगा या नहीं।
अगर संभावित ग्राहकों को धीमी वेबसाइट या उलझाने वाला यूज़र अनुभव मिलता है, तो एक आकर्षक अभियान भी आपके किसी काम नहीं आएगा।
फेसबुक विज्ञापन के ज़रिए आपकी वेबसाइट पर आने वाले लोगों का पोस्ट-क्लिक अनुभव बेहतर बनाने के कुछ आसान तरीके यहाँ दिए गए हैं:
- खरीदारों को व्यक्तिगत लैंडिंग पेज पर भेजें: प्रोडक्ट खोजने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए अपने विज्ञापन को होमपेज के बजाय संबंधित पेज से लिंक करें।
- लोडिंग टाइम तेज़ रखें: इमेज कंप्रेस करें, गैरज़रूरी जावास्क्रिप्ट हटा दें, और वेबसाइट को धीमा करने वाली थर्ड-पार्टी ऐप्स कम कर दें।
- उसे मोबाइल फ़्रेंडली बनाएँ: फेसबुक पर ज़्यादातर यूज़र्स मोबाइल डिवाइस से प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए यह सुनिश्चित कर लें कि आपका ऑनलाइन स्टोर रिस्पॉन्सिव हो और छोटी स्क्रीन पर भी सही ढंग से दिखता हो।
- वन-क्लिक चेकआउट दें: चेकआउट में रुकावटें कम होने पर ग्राहकों के आधे रास्ते से लौट जाने की संभावना भी कम हो जाती है। दूसरे तेज़ चेकआउट विकल्पों की तुलना में कन्वर्ज़न को कम से कम 10% तक बढ़ाने के लिए शॉप पे का इस्तेमाल करें।
क्या फेसबुक विज्ञापनों पर पैसे खर्च करना फ़ायदे का सौदा है?
फेसबुक मार्केटिंग हर तरह के बिज़नेस के लिए फ़ायदेमंद होती है। इस प्लेटफ़ॉर्म पर अलग-अलग दिलचस्पियों, इनकम लेवल, और जगहों के ग्राहक मिलते हैं। इनमें से कई तो अपनी न्यूज़ फ़ीड में दिखने वाले विज्ञापनों के ज़रिए नई प्रोडक्ट्स के बारे में सीखते हैं। इसलिए फेसबुक विज्ञापनों पर पैसे खर्च करना फ़ायदेमंद हो सकता है।
असरदार फेसबुक विज्ञापनों के लिए टेस्टिंग ज़रूरी होती है। अलग-अलग कैंपेन्स और क्रिएटिव्स को आज़माकर देखें और उनकी पिछली परफ़ॉर्मेंस से तुलना करें। धीरे-धीरे आपको ऐसी सफल और किफ़ायती विज्ञापन रणनीतियाँ मिलने लगेंगी, जो आपकी ऑडियंस को पसंद आती हों।
फेसबुक विज्ञापनों की लागत कितनी होती है? - अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
फेसबुक विज्ञापन इतने महँगे क्यों होते हैं?
लोकप्रिय या ज़्यादा वैल्यू वाली ऑडियंस को टार्गेट करने वाले फेसबुक विज्ञापन महँगे हो सकते हैं, क्योंकि कई बिज़नेस एक ही विज्ञापन स्पेस के लिए बोली लगा रहे होते हैं। विज्ञापन नीलामी जितनी प्रतिस्पर्धी होगी, जीतने वाली बोली की लागत भी उतनी ही ज़्यादा होगी।
अच्छा कॉस्ट पर क्लिक कितना होता है?
फेसबुक विज्ञापनों का कॉस्ट पर क्लिक लगातार बदलता रहता है। यह विज्ञापन के उद्देश्य तथा टार्गेट ऑडियंस की माँग जैसे फ़ैक्टर्स पर निर्भर करता है। अच्छा कॉस्ट पर क्लिक वह होता है, जिसमें मार्केटर फेसबुक विज्ञापन नीलामी जीतकर यूज़र्स को विज्ञापन दिखा सके और उसकी लागत उस क्लिक की अनुमानित वैल्यू से कम रहे।
फेसबुक विज्ञापनों पर रोज़ कितना खर्च करना चाहिए?
फेसबुक विज्ञापनों का कॉस्ट पर क्लिक उद्देश्य और टार्गेट ऑडियंस की माँग जैसे फ़ैक्टर्स के आधार पर लगातार बदलता रहता है। अच्छा कॉस्ट पर क्लिक वह होता है, जिसमें मार्केटर फेसबुक विज्ञापन नीलामी जीतकर यूज़र्स को विज्ञापन दिखा सके और लागत उस क्लिक की अनुमानित वैल्यू से कम रहे।
फेसबुक का विज्ञापन नीलामी सिस्टम कैसे काम करता है?
फेसबुक का विज्ञापन नीलामी सिस्टम एक तरह की बोली प्रतिस्पर्धा होती है। इसमें बिज़नेस विज्ञापन स्पेस के लिए मुकाबला करते हैं। लेकिन जीत सिर्फ़ सबसे ऊँची बोली लगाने वाले की ही नहीं होती। फेसबुक विज्ञापन की प्रासंगिकता और क्वालिटी को भी देखता है। बोली और क्वालिटी के बीच संतुलन बनाकर सिस्टम यूज़र्स को सबसे उपयोगी विज्ञापन दिखाने की कोशिश करता है।
अपने फेसबुक विज्ञापनों की परफ़ॉर्मेंस में सुधार कैसे लाया जा सकता है?
विज्ञापन परफ़ॉर्मेंस में सुधार लाने के लिए आमतौर पर टार्गेटिंग को ज़्यादा सटीक बनाना, विज्ञापन क्रिएटिव्स को मजबूत करना, और बिडिंग रणनीति को बेहतर करना ज़रूरी होता है। अपनी ऑडियंस को बेहतर समझने और उनके व्यवहार व रुचियों के अनुसार विज्ञापन तैयार करने के लिए फेसबुक की ऑडियंस इनसाइट्स का इस्तेमाल करें।
क्या पेड फेसबुक विज्ञापन सच में फ़ायदेमंद होते हैं?
फेसबुक की अच्छी-खासी पहुँच के चलते पेड विज्ञापन ऑनलाइन ब्रांड्स के लिए अच्छा निवेश साबित हो सकते हैं। हाँ, बेहतर नतीजों के लिए ऐसा विविध मार्केटिंग कैंपेन चलाएँ, जिसमें दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म समेत कई चैनलों का इस्तेमाल किया गया हो।

