कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक्स में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
कोई भी सफल बिज़नेस बनाने के लिए उसकी ब्रांड की पहचान तय करना बेहद ज़रूरी होता है। आपके बिज़नेस की एक यादगार ब्रांड इमेज बनाने का एक तरीका यह है कि आप सोच-समझकर एक खास ब्रांड कलर पैलेट तैयार करें। इस लेख को पढ़कर जानें कि एक बढ़िया ब्रांड कलर कैसे चुनें, Shopify (शॉपिफाई) स्टोर्स की बेहतरीन ब्रांड कलर स्कीम कौन-सी हैं, और Mote (मोट) वेब डिज़ाइन एजेंसी की को-फ़ाउंडर Sara Mote (सारा मोट) किन रंगों के इस्तेमाल का सुझाव देती हैं।
ब्रांड कलर क्या होते हैं?
ब्रांड कलर वे खास रंग या शेड्स होते हैं, जिनका इस्तेमाल आप अपने ब्रांड की मार्केटिंग और ब्रांडिंग मटेरियल्स में करते हैं। आमतौर पर इन्हें ब्रांड कलर पैलेट में व्यवस्थित किया जाता है। बिज़नेस अपनी वेबसाइट, टाइपोग्राफ़ी, बैकग्राउंड, पैकेजिंग, और फ़ोटोग्राफ़ी जैसी खास जगहों में इन रंगों का इस्तेमाल करते हैं। एक सामान्य पैलेट में कम से कम तीन मुख्य रंग और अधिकतम 10 सेकेंडरी और टर्शियरी कलर होते हैं।
एक अलग पहचान वाला कलर पैलेट ग्राहकों के मन में ब्रांड के प्रति सकारात्मक जुड़ाव पैदा कर सकता है। एक अनोखी विज़ुअल पहचान बनाकर वह ब्रांड पहचान को बढ़ाने में मददगार साबित होता है। Sara (सारा) बताती हैं, "टाइपोग्राफ़ी, इमेजरी, और कलर जैसे ब्रांड एलिमेंट एक बेहद मजबूत ब्रांडेड और एकजुट ब्रांड पहचान वाला अनुभव तैयार करने में एक एहम भूमिका निभाते हैं।"
एक सफल ब्रांड बनाने के बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
अपने ब्रांड कलर कैसे चुनें
- ब्रांड की पहचान पर विचार करें
- रंगों से जुड़े भावों को समझें
- एक मुख्य रंग चुनें
- एक ब्रांड कलर पैलेट तैयार करें
- अपने चुने हुए रंगों को टेस्ट करें
खास रंग ब्रांड जागरूकता को बढ़ाकर आपके बिज़नेस को अलग दिखाने में मदद कर सकते हैं। लेकिन ब्रांड कलर पैलेट चुनना सिर्फ़ मार्केटिंग से जुड़ा फैसला नहीं होता। यह आपके ब्रांड की अभिव्यक्ति का भी हिस्सा होता है। Sara (सारा) कहती हैं, "भले ही आपका कलर पैलेट मुख्य रूप से एकरंगी हो, लेकिन रंगों के चुनाव से उसमें ब्रांड पर्सनालिटी जोड़ने की काफी गुंजाइश रहती है।
आइए जानते हैं कि अपने ब्रांड के लिए सही रंग कैसे चुना जा सकता है:
1. ब्रांड की पहचान पर विचार करें
अपने ब्रांड की पहचान, प्रोडक्ट्स या सेवाओं, और टारगेट ऑडियंस पर विचार करें, ताकि आपके ब्रांड कलर उन बातों को दिखा सकें, जो आपके बिज़नेस के लिए मायने रखती हैं। ग्राहकों की नज़रों में आप अपनी कंपनी की कैसी इमेज बनाना चाहते हैं? क्या आपका एक आधुनिक और आगे की सोच रखने वाला टेक बिज़नेस है, या फिर आप पड़ोस में आर्ट सप्लाई स्टोर चलाते हैं? क्या आप चाहते हैं कि ग्राहक आपके ब्रांड को सुकून और आराम से जोड़कर देखें, या फिर उत्साह और मस्ती से?
अपने ब्रांड पर्सनालिटी की खूबियों की सूची बनाकर अपनी कोर वैल्यूज़ को पहचानें। इसके लिए ग्राहकों, पार्टनर्स, और सलाहकारों से राय लेकर वॉइस और विज़न सहित अपनी पूरी ब्रांड रणनीति पर गौर करें।
2. रंगों से जुड़े भावों को समझें
रंगों के मनोविज्ञान और सिद्धांत पर रिसर्च करके रंगों के लिए प्रेरणा पाएँ। रंग सिद्धांत यह बताता है कि अलग-अलग रंग एक साथ कैसे और क्यों अच्छे लगते हैं। वहीं, रंग मनोविज्ञान किसी खास रंग से लोगों के मन में पैदा होने वाले समान भावों का अध्ययन करता है। ये भाव अक्सर लोगों की उम्र, सामाजिक पृष्ठभूमि, और संस्कृति पर निर्भर करते हैं। रंगों से जुड़े कुछ आम भाव हैं:
- लाल: प्रेम, एहमियत, और उत्साह।
- पीला: खुशी, ऊर्जा, और खुलापन।
- नीला: स्थिरता, भरोसा, और ज़िम्मेदारी।
- नारंगी: रचनात्मकता, गर्मजोशी, और बदलाव।
- हरा: नई शुरुआत, विकास, और समृद्धि।
- बैंगनी: भव्यता, समझदारी, और आध्यात्मिकता।
अपने ब्रांड के अहम पर्सनालिटी गुणों के लिए रंग चुनते समय इन सिद्धांतों से प्रेरणा लें, लेकिन रंग सिद्धांत से जुड़े अर्थों को पत्थर की लकीर की तरह न देखें। "रंगों को लेकर हर इंसान के मन में अलग-अलग भाव होते हैं," Sara (सारा) कहती हैं। "इसलिए रंग चुनते समय मैं आमतौर पर मनोविज्ञान के बजाय बेस्ट प्रैक्टिसेज़ पर ज़्यादा ध्यान देती हूँ।"
3. एक मुख्य रंग चुनें
अपने ब्रांड का मुख्य रंग चुनें, यानी आपके ब्रांड को सबसे बेहतर ढंग से दर्शाने वाला रंग। मुख्य रंगों का इस्तेमाल अक्सर लोगो और वेबसाइट व पैकेजिंग डिज़ाइन के प्रमुख हिस्सों में किया जाता है। रंग चुनते समय ब्रांड का नाम, प्रोडक्ट टाइप, ब्रांड पर्सनालिटी, और उससे जुड़े व्यक्तिगत महत्व पर विचार करें। उदाहरण के लिए, हाई क्वालिटी कास्ट आयरन ब्रांड Le Creuset (ले क्रूसेट) की "फ़्लेम" नारंगी पिघले हुए लोहे के रंग से प्रेरित थी।
अपने ब्रांड कलर को खास और सटीक बनाए रखने के लिए रंगों के आम नामों के बजाय हेक्स कोड का इस्तेमाल करें। उदाहरण के लिए, "डार्क ब्लू" आपके मुख्य रंग का आम वर्णन तो कर सकता है, लेकिन हेक्स कोड #151A7B आपके लोगो में इस्तेमाल हुए मिडनाइट ब्लू की सटीक शेड की पहचान करता है। स्थिरता और सटीकता बनाए रखने के लिए अपने ब्रांड दिशानिर्देशों में ब्रांड कलर कोड शामिल करें। इससे ग्राफ़िक डिज़ाइनर्स सभी प्लेटफ़ॉर्मों पर आपके ब्रांड कलर का बिल्कुल सही ढंग से इस्तेमाल कर पाते हैं।
4. एक ब्रांड कलर पैलेट तैयार करें
मुख्य रंग चुनने के बाद उसी के आधार पर अपने सेकेंडरी कलर तय कर लें। ब्रांड कलर पैलेट में आमतौर पर एक्सेंट कलर शामिल होते हैं, जो डिज़ाइन एलिमेंट्स को उभारने में मदद करते हैं। संतुलन के लिए उनमें न्यूट्रल कलर भी होते हैं।
बढ़िया कलर कॉम्बिनेशन खोजने के लिए एक कलर व्हील की मदद लें, जो अलग-अलग रंगों के बीच के संबंध को विशुअली दिखाता है। एक से तीन मुख्य, न्यूट्रल, और एक्सेंट रंग चुनने की कोशिश करें। यह भी ध्यान रखें कि टेक्स्ट और बैकग्राउंड के रंगों के बीच पर्याप्त कंट्रास्ट हो, ताकि टेक्स्ट को आसानी से पढ़ा जा सके।
रंगों को हावी होने से रोककर उनमें संतुलन बनाने के लिए 60-30-10 नियम अपनाएँ। इस डिज़ाइन गाइडलाइन के अनुसार, 60% डिज़ाइन एलिमेंट्स में मुख्य रंग, 30% में सेकेंडरी रंग, और 10% में एक्सेंट रंग का इस्तेमाल किया जाता है। यह नियम आपके ब्रांड से जुड़े रंगों की एहमियत और उनकी हायरार्की को मज़बूत करता है।
5. अपने चुने हुए रंगों को टेस्ट करें
अपने ब्रांड कलर पैलेट की समीक्षा करके देखें कि उससे लोगों के मन में किस तरह के भाव पैदा होते हैं। इसे प्रिंट करके एक तरफ रख दें और बाद में एक नए नजरिए से उसे दोबारा देखें। ऐसा करके आप अपनी सहज प्रतिक्रिया को समझ पाएँगे। रंगों से जुड़े भाव व्यक्तिगत हो सकते हैं, इसलिए दोस्तों और सहकर्मियों से राय लें या फिर यूज़र टेस्टिंग कराएँ। वेब डिज़ाइन के लिए मॉकअप्स टेस्ट करें, ताकि रंगों की व्यावहारिकता की जाँच हो सके। सही कलर कॉम्बिनेशन चुनना उपयोगिता और एक्सेसिबिलिटी, दोनों के लिए बेहद ज़रूरी होता है।
Sara (सारा) कहती हैं, "मैं आमतौर पर पूरी तरह से सफेद या काले रंग के इस्तेमाल से बचती हूँ। बैकलिट स्क्रीन्स और ब्लू लाइट छोड़ने वाले डिवाइसों पर ये रंग आंखों को काफ़ी थका सकते हैं। टेक्स्ट को पढ़ने लायक बनाए रखकर वेबसाइट पर पर्याप्त कंट्रास्ट देने वाले कोर कलर पैलेट से आपका पूरा अनुभव बेहतर हो जाता है।"
ईकॉमर्स ब्रांड कलर के उदाहरण
यहाँ देखें कि जाने-माने Shopify (शॉपिफाई) मर्चेंट मार्केटिंग और ब्रांड पहचान के लिए अपने ब्रांड कलर का इस्तेमाल कैसे करते हैं:
Ortega (ऑर्टेगा)
इंक्लूसिव कॉस्मेटिक्स कंपनी Ortega (ऑर्टेगा) ने अपने मुख्य ब्रांड कलर के तौर पर एक साफ और हल्का नीला रंग चुना है। Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) पॉडकास्ट को दिए एक इंटरव्यू में फाउंडर Etienne Ortega (एटीन ऑर्टेगा) ने बताया कि यह रंग मेक्सिको के येलिस्को में उगने वाले नीले अगावे से प्रेरित है। उनका जन्म भी वहीं हुआ था।
अपने खास रंग का इस्तेमाल Ortega (ऑर्टेगा) प्रोडक्ट फ़ोटोग्राफ़ी, वेबसाइट बैनर, और पैकेजिंग डिज़ाइन में बैकग्राउंड के रूप में करता है। वेबसाइट पर हलके और गहरे नीले रंग की मिलती-जुलती शेड्स भी इस्तेमाल की गई हैं, ताकि एक खुला-सा एहसास हो सके।
Parachute (पैराशूट)
Parachute (पैराशूट) आधुनिक बेडिंग और नहाने की प्रोडक्ट्स बेचता है। इसके ब्रांड कलर पैलेट में गहरा चारकोल ग्रे, हल्का ब्लश पिंक, क्रीम, और सफेद रंग शामिल हैं। ये हल्के आर प्राकृतिक रंग शांति और सुकून का एहसास जगाते हैं।
अपने सोशल मीडिया, वेब पेज, स्टोर्स और प्रोडक्ट्स पर Parachute (पैराशूट) अपने ब्रांड कलर का इस्तेमाल करता है। मार्केटिंग और प्रोडक्ट डिज़ाइन में एक जैसे रंगों के इस्तेमाल से Parachute (पैराशूट) को एक कंसिस्टेंट ब्रांड इमेज बनाने में मदद मिली।
Spanx (स्पैंक्स)
शेपवियर और कपड़ों का ब्रांड Spanx (स्पैंक्स) अपने मार्केटिंग और ब्रांडिंग मटेरियल में मुख्य रूप से लाल, सफेद, और काले रंगों का इस्तेमाल करता है। गहरे कंट्रास्ट वाले ये आकर्षक रंग इस विचार को मज़बूत करते हैं कि Spanx (स्पैंक्स) आधुनिक और आत्मविश्वासी महिलाओं का ब्रांड है।
Blueland (ब्लूलैंड)
Blueland (ब्लूलैंड) पर्यावरण की अनुकूल सफाई प्रोडक्ट्स का ब्रांड है। कई ईको-फ्रेंडली ब्रांड पर्यावरण से अपना जुड़ाव दिखाने के लिए मुख्य रंग के तौर पर हरा रंग चुनते हैं। वहीं, Blueland (ब्लूलैंड) ने पानी की आपूर्ति को बनाए रखने पर अपना फ़ोकस उजागर करने के लिए नीला रंग चुना है।
Blueland (ब्लूलैंड) का सेकेंडरी रंग पीला है, जो नीले रंग के साथ बढ़िया कंट्रास्ट बनाता है। ये कॉम्प्लिमेंटरी कलर इसके लोगो, प्रोडक्ट पैकेजिंग, वेबसाइट डिज़ाइन एलिमेंट्स, और फ़ोटोग्राफ़ी के सामान में भी दिखाई देते हैं।
Our Place (आवर प्लेस)
आधुनिक कुकवेयर कंपनी Our Place (आवर प्लेस) अपने ब्रांड में डस्टी ब्लू, गहरे सेज ग्रीन, टेराकोटा, और वॉर्म न्यूट्रल टोन्स का इस्तेमाल करती है। ये गर्मजोशी भरे आकर्षक रंग घर और सुकून का एहसास जगाते हैं।
वेब डिज़ाइन और प्रोडक्ट फ़ोटोग्राफ़ी एक्सेंट में इन रंगों के इस्तेमाल के अलाव, Our Place (आवर प्लेस) इन्हें अपने प्रोडक्ट डिज़ाइन में भी शामिल करती है। इसका लोकप्रिय वंडर ओवन मैट ब्लू, टेराकोटा, क्रीम, और चारकोल रंगों में उपलब्ध है। ये रंग इसे आमतौर पर काले और स्टेनलेस स्टील के टोस्टर ओवन से अलग दिखने में मदद करता है।
ब्रांड कलर कैसे चुनें: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
अपने ब्रांड के लिए सही रंग कैसे चुनें?
सही ब्रांड कलर स्कीम खोजने के लिए उन कहानियों और भावनाओं के बारे में सोचकर देखें, जिन्हें आप चाहते हैं कि लोग आपके बिज़नेस से जोड़कर देखें। रंगों के मनोविज्ञान के बारे में रिसर्च करके एक ऐसी शेड चुनें, जो आपकी मनचाही प्रतिक्रिया पैदा करे या आपकी ब्रांड हिस्ट्री को दर्शाए।
60-30-10 कलर नियम क्या है?
60-30-10 नियम एक डिज़ाइन गाइडलाइन है, जिसके ज़रिए आप ब्रांड के रंगों के बीच संतुलन बिठा सकते हैं। इसके अनुसार, 60% डिज़ाइन एलिमेंट्स में मुख्य रंग, 30% में सेकेंडरी रंग, और 10% में एक्सेंट रंग का इस्तेमाल किया जाता है। यह सिद्धांत आपके ब्रांड कलर के महत्व और हायरार्की को मज़बूत करता है।
ईकॉमर्स ब्रांड के लिए कौन-सी कलर स्कीम सबसे अच्छी होती है?
ईकॉमर्स के लिए कोई एक कलर स्कीम हर ब्रांड के लिए सही नहीं होती। आपके बिज़नेस के लिए सबसे अच्छे ब्रांड कलर उसकी खास ब्रांड पहचान और उस पर्सनालिटी पर निर्भर करते हैं, जिसे आप दिखाना चाहते हैं। हाँ, ग्राहक आपके ब्रांड से मुख्य रूप से ऑनलाइन ही जुड़ते हैं, इसलिए रंग चुनते समय अच्छे कंट्रास्ट और उपयोगिता को प्राथमिकता दें।

